
Demo pic
Big Accident: बिहार के अरवल जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना जिले के टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसादी इंग्लिश गांव के पास हुई। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए टाउन थाना के एसएचओ अली साबरी ने कहा कि पीड़ित जिले के कलेर थाना के अंतर्गत कामता गांव के निवासी हैं। वे सभी एक महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी में सवार होकर पटना में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
एसएचओ अली साबरी ने बताया कि यह हादसा तेज गति के कारण हुआ। तेज गति से जा रही गाड़ी एक छोटे स्पीड ब्रेकर से टकरा गई। इसके बाद चालक का कार पर से नियंत्रण हट गया और एसयूवी फिसलकर सड़क के पास सोन नहर में जा गिरी।
इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई। वहीं, तीन लोग गंभीर चोटों के बावजूद बच गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जान गंवाने वाले एक ही परिवार के सदस्य है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मरने वालों की पहचान हो गई है। सभी कामता गांव के रहने वाले हैं। सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की पहचान परमानंद कुमार (30), प्रियंका कुमारी (28), परमानंद कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (22) और परमानंद और सोनी कुमारी की एक साल की बेटी तन्नु कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान नमनीत कुमार (20), सविता देवी (30) और वैजंती देवी (45) के रूप में हुई है। शवों को नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Updated on:
29 Nov 2024, 10:11 AM IST
Published on:
29 Nov 2024, 10:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.