23 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार चुनाव से पहले JDU को झटका, पूर्व विधान पार्षद विनोद कुमार सिंह ने थामा Congress का हाथ

Bihar Elections: कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पूर्व विधान पार्षद विनोद कुमार सिंह ने जेडीयू का दामन छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

2 min read
Google source verification

पूर्व विधान पार्षद ने थामा कांग्रेस का दामन (Photo-IANS)

Bihar Elections: चुनावी राज्य बिहार में सियासी सरगर्मी के बीच सोमवार को जनता दल (यूनाइटेड) को बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधान पार्षद विनोद कुमार सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधिवत कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, कांग्रेस बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

राहुल गांधी से प्रभावित होकर लिया फैसला

कांग्रेस में शामिल होने के बाद विनोद कुमार सिंह ने कहा, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। मेरी राजनीति की शुरुआत भी कांग्रेस और एनएसयूआई से हुई थी। आज फिर उसी परिवार में वापसी कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ही असली लोकतंत्र और विकास की सोच है, जो आज देश और बिहार को बचाने के लिए जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता और उनकी विचारधारा की सराहना की।

जेडीयू पर साधा निशाना, कहा- अब नहीं बचेगी पार्टी

जेडीयू छोड़ने के कारण पर पूर्व एमएलसी विनोद कुमार सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, जेडीयू में अब भगदड़ मचने वाली है। जेडीयू अब नहीं बचेगी। जेडीयू में से ‘यू’ हटा दीजिए, अब यह यूनाइटेड नहीं रहा। कुछ दिन जनता दल बनकर रहेगा, फिर चुनाव के बाद समाप्त हो जाएगा। जब नेता की स्थिति ठीक नहीं है, तो पार्टी कैसे बचेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीयू ने अब जनहित की राजनीति छोड़ दी है और भाजपा के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए।

प्रदेश अध्यक्ष का बयान- जेडीयू और लोजपा में मचेगी भगदड़

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने इस मौके पर कहा, जेडीयू और लोजपा (रामविलास) में आने वाले दिनों में भगदड़ मचने वाली है। जेडीयू अब अस्तित्व में नहीं बची। आज जेडीयू मतलब सिर्फ नीतीश कुमार है, कोई दूसरा नेता नहीं बचा। भाजपा ने जेडीयू को पूरी तरह हाईजैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि जेडीयू के कई अन्य नेता भी कांग्रेस के संपर्क में हैं और आने वाले समय में बड़ी संख्या में नेता कांग्रेस में शामिल होंगे।

बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरण

बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू से कांग्रेस में आए विनोद कुमार सिंह का यह कदम राज्य की राजनीति में बदलाव के संकेत दे रहा है। ऐसे समय में जब नीतीश कुमार की पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में है, कांग्रेस में जेडीयू नेताओं का आना, आगामी चुनावों में सियासी समीकरण को प्रभावित कर सकता है।