विष्णुपद मंदिर में मंत्री मोहम्मद इजराइल मंसूरी के प्रवेश का मामला कोर्ट पहुंच गया है। अदालत दो सितंबर को मामले की सुनवाई करेगी। वहीं, गैर-हिंदू के मंदिर में प्रवेश के बाद 21 आचार्यों ने मंदिर का ‘शुद्धिकरण’ किया।
बिहार के गया स्थित विष्णुपद मंदिर के गर्भ गृह में मुस्लिम समुदाय से आने वाले बिहार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी (IT) मंत्री मोहम्मद इजराइल मंसूरी के प्रवेश के बाद से गरमाई सियासत नरम होने का नाम नहीं ले रही है। अब यह मामला कोर्ट तक पहुंच गया है। इस मामले को लेकर एक अदालत में इजराइल मंसूरी के खिलाफ शिकायत दाखिल की गई है। मुजफ्फरपुर के सामाजिक कार्यकर्ता और शिकायतकर्ता चंद्र किशोर पराशर ने स्थानीय अदालत में दी गई शिकायत में मंत्री के खिलाफ हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। वहीं दूसरी तरफ गया के इस मंदिर में विशेष तौर पर शुद्धिकरण पूजा सह क्षमा याचना का आयोजन किया गया।
विष्णुपद मंदिर में 'शुद्धिकरण' को लेकर कई घंटे तक पूजा हुई। इसराइल मंसूरी के द्वारा गया में विष्णुपद मंदिर के दर्शन करने के बाद 21 आचार्यों ने मंदिर का शुद्धिकरण किया है। पूजा के बाद मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर गया का पंडा समाज अड़ गया है। पंडा समाज मंत्री इसराइल मंसूरी को लगातार हटाने की मांग कर रहा है।
वहीं, यह मामला कोर्ट में लेकर जाने वाले चंद्र किशोर पराशर ने अदालत में अपनी शिकायत में कहा, "मंत्री को मुस्लिम होने के कारण विष्णुपद मंदिर नहीं जाना चाहिए था। सनातन धर्म का पालन करने वालों को ही मंदिर में जाने की अनुमति है।"
पराशर के वकील रवींद्र कुमार सिंह ने कहा, "मेरे मुवक्किल ने अपनी शिकायत में कहा कि हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। अदालत दो सितंबर को मामले की सुनवाई करेगी।"
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पितृपक्ष मेला की तैयारी का जायजा लेने गया पहुंचे थे, जहां उन्होंने विष्णुपद मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री मोहम्मद इजराइल मंसूरी भी मंदिर के गर्भ गृह में चले गए थे, जबकि मंदिर में गैर-हिंदू का प्रवेश वर्जित है। इसको लेकर मंदिर के गेट पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा हुआ भी है। इस घटना के बाद गया के पंडा समाज के लोगों में काफी आक्रोश है।
यह भी पढ़ें: जिस मंदिर में गैर हिन्दुओं का वर्जित है प्रवेश, उसमें मुस्लिम मंत्री के साथ पहुंचे CM नीतीश, भड़के लोग