
दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल भेजे जाने के एक दिन बाद मंगलवार को दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आतिशी का कहना है, 'बीजेपी ने मेरे एक करीबी सहयोगी के माध्यम से मेरे राजनीतिक करियर को बचाने के लिए उनकी पार्टी में शामिल होने का न्यौता दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अगर मैं बीजेपी में शामिल नहीं हुई तो आने वाले एक महीने में मुझे ईडी द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं अब बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आतिशी द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि आप नेता को ऑफर देने वाले के नाम का खुलासा करें।
ऑफर देने वाले के नाम का खुलासा करें आतिशी
बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए गौरव भाटिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर निशाना साधा। आतिशी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि आतिशी को उस व्यक्ति का नाम भी बताना चाहिए, जिसने उन्हें ऑफर दिया है।
मनीष और मंत्री सत्येंद्र का इस्तीफा ले लिया खुद नहीं दिया
भाटिया ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि देश संविधान से चलता है। अरविंद केजरीवाल द्वारा जेल से ही सरकार चलाने का मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा। जेल जाने पर अपने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और मंत्री सत्येंद्र जैन का इस्तीफा लेने वाले अरविंद केजरीवाल अब स्वयं जेल जाने के बाद इस्तीफा देने तक से इनकार कर रहे हैं। केजरीवाल भ्रष्टाचार के पर्याय बन चुके हैं, अदालत से भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है।
दिल्ली की जनता ईमानदार मुख्यमंत्री चाहती है
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता एक अच्छा मुख्यमंत्री चाहती है। लेकिन, जेल में बैठे केजरीवाल की सोच यह है कि उनकी अपनी आम आदमी पार्टी में ऐसा कोई नेता नहीं है जो दिल्ली की जनता की सेवा कर सके।उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंडी गठबंधन का जहाज डूबेगा और यह जमानत जब्त होने का कीर्तिमान बनाएगी।
Updated on:
2 Apr 2024, 3:17 PM IST
Published on:
2 Apr 2024, 3:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.