
हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत पक्की करने के लिए सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दिया है। इस कड़ी में सूबे की सत्ता पर काबीज भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ गैंगस्टर राजेश हुडा की पत्नी मंजू हुडा को गढ़ी सांपला-किलोई सीट से उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद मंजू ने भी भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए दावा किया है कि उनके पास जनता का आशिर्वाद है और वो अपनी सीट जरुर जीतेंगी।
गढ़ी सांपला-किलोई से विधायक हैं भूपेंद्र हुड्डा
जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस नेता और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हूड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से विधायक हैं। हुड्डा 2009 से 2014 तक हरियाणा के सीएम रह चुके हैं। वहीं, उनके खिलाफ ताल ठोक रही मंजू हुडा को साल 2022 में रोहतक जिला परिषद से सर्वसम्मति से चेयरमैन भी चुना गया था। चेयरमैन चुने जाने के बाद मंजू हुड्डा ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। बीजेपी की तरफ से गढ़ी सांपला-किलोई सीट दिए जाने पर मंजू हुड्डा का कहना है कि मेरी मेहनत, विश्वास और जनता का समर्थन मेरे साथ है. मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है, बस मेरी मेहनत मेरे साथ है।
गैंगस्टर राजेश हुडा के खिलाफ कई राज्यों में दर्ज है मामला
मंजू हुड्डा के पति राजेश हुड्डा पर हरियाणा, यूपी और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास के अपहरण और लूट के दर्जनभर से भी ज्यादा मामले दर्ज हैं। मंजू हुड्डा का कहना है कि अपने पति के कहने पर ही उन्होंने राजनीति में एंट्री की थी। मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है, बस मेरी मेहनत मेरे साथ है। मैंने इस बात पर काम किया है कि राजनीति ठीक है, लेकिन एक-दूसरे के साथ सामंजस्य होना चाहिए, नहीं तो हम पिछड़ जाएंगे। राजनीति में आने के बाद और उससे 10 साल पहले भी, मेरे पति ने व्यक्तिगत रूप से किसी को ठेस पहुँचाने या किसी को नुकसान पहुँचाने वाला कोई काम नहीं किया है। मुझे पता है कि मैं जीतूंगी।
Updated on:
7 Sep 2024, 3:55 PM IST
Published on:
6 Sep 2024, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.