
बहादुरगढ़ः AC का कंप्रेशर फटने से घर में जोरदार धमाका, परिवार के 4 लोगों की मौत
AC Blast: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में एक दर्दनाक हादसा हुआ। सेक्टर-9 पुलिस चौकी के पास एक घर में एसी कंप्रेसर फटने से भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, लेकिन जब तक राहत कार्य शुरू हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब घर में लगे एसी का कंप्रेसर अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद पूरे घर में आग फैल गई, जिससे वहां मौजूद तीन मासूम बच्चों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे कमरे में चारों तरफ धुआं फैल गया। हादसे में घायल पुरुष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
धमाके की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में मौजूद चारों लोगों की जान जा चुकी थी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक परिवार इस घर में किराए पर रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसी में खराबी के कारण कंप्रेसर में अत्यधिक दबाव बन गया, जिससे यह विस्फोट हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं कोई तकनीकी गड़बड़ी तो इस हादसे की वजह नहीं बनी।
Updated on:
22 Mar 2025 10:04 pm
Published on:
22 Mar 2025 09:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
