
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। (फोटो- ANI)
भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तनाव उफान पर है। इस बीच, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को खुले मंच पर बहस करने की चुनौती दी है।
अमित शाह ने रविवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में भारत की पहली सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किया और यूएस ट्रेड डील पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल देश को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि यूरोपीय यूनियन, इंग्लैंड के साथ एफटीए और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में पीएम मोदी ने किसानों के हित को नुकसान पहुंचाया है।
शाह ने कहा- मैं राहुल गांधी को चैलेंज देना चाहता हूं, कोई भी मंच तय कर लीजिए, भाजपा के युवा मोर्चा का अध्यक्ष आकर बहस कर लेगा कि किसानों का नुकसान किसने किया है।
गृह मंत्री ने कहा- मैं देश के किसानों से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं और आपको गुमराह कर रहे हैं। इंग्लैंड और यूरोपीय यूनियन के साथ हुए एफटीए और अमेरिका से हुई ट्रेड डील में पीएम मोदी ने किसानों के हितों की सुरक्षा की है।
उन्होंने आगे कहा- तीनों समझौतों में डेयरी क्षेत्र को भी पूरी तरह सुरक्षा देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। इसके माध्यम से हमारे कृषि उत्पाद और मत्स्य उत्पादों को दुनिया के बाजार में पहुंचाने का रास्ता भी खोला है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- मैं फिर से एक बार भारत के मछुआरों, पशुपालकों और किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी भी आपके हितों के साथ समझौता नहीं किया है, न ही कर सकते हैं, यह असंभव है।
उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यह काम तो मनमोहन सिंह की सरकार ने डंकल प्रस्ताव पर साइन करके किया था। देश की जनता ने 2014 में कांग्रेस को टाटा बाय-बाय कर दिया, पीएम मोदी आए और उस समझौते को बदल दिया।
उन्होंने आगे कहा कि मनमोहन सरकार ने पूरे विश्व के लिए भारत का कृषि बाज़ार खोल दिया था। आज पीएम मोदी किसानों की सुरक्षा के लिए चट्टान की तरह खड़े हैं।
Updated on:
15 Feb 2026 04:32 pm
Published on:
15 Feb 2026 04:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
