
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)
बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। आरोपियों ने महिला की हत्या कर आधी रात को उसका शव उसके माता-पिता के घर के बाहर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में महिला के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम का गठन किया है और आरोपियों की तलाश में जगह-जगह पर छापेमारी की जा रही है।
मृतका की पहचान सरिता के रूप में हुई है जो कि सरन जिले के हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के पेडिया बाजार इलाके की रहने वाली थी। सरिता की शादी नौ महीने पहले वैशाली जिले के करताहन बुजुर्ग गांव निवासी सत्येंद्र कुमार से हुई थी। 16 जनवरी की रात करीब साढ़े बारह बजे काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से कुछ लोग सरिता के घर के बाहर आए और उसका शव उसके मायके के दरवाजे पर छोड़कर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया।
शव फेंकने की यह घटना घर के बाहर लेग सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड हो गई। इसमें लोग गाड़ी से उतरकर शव फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। जांच के दौरान सामने आया कि शव फेंकने के लिए जिस स्कॉर्पियो वाहन का इस्तेमाल किया गया, वह एक सेवारत पुलिस उपनिरीक्षक के नाम पर पंजीकृत है। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। हरिहरनाथ थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि संबंधित पुलिसकर्मी की इस घटना में कोई भूमिका है या उसकी जानकारी के बिना वाहन का दुरुपयोग हुआ। जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
मृतका के पिता जयप्रकाश महतो ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी के समय अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार बेटी को दहेज दिया था, जिसमें जमीन के रजिस्ट्रेशन के नाम पर आठ लाख रुपये शामिल थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी मांग को लेकर सरिता को लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिर में उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के पिता ने यह भी दावा किया कि उनकी बेटी के शव के गले पर गला घोंटने के निशान भी मौजूद है।
सरिता के पिता के बयान के आधार पर हरिहरनाथ थाना पुलिस ने मृतका के पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने सरिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल पाएगा। सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द सरिता के हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।
Updated on:
18 Jan 2026 10:17 am
Published on:
18 Jan 2026 10:07 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
