
दिल्ली के चंदन पार्क में सनसनी: एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या की।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चार की हत्या से सनसनी फैल गई है। दरअसल, आउटर नार्थ दिल्ली का शांत रहने वाला चंदन पार्क इलाका उस वक्त चीखों और सन्नाटे के बीच घिर गया, जब एक सिरफिरे शख्स ने अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में आरोपी ने क्रूरता की चरम सीमा को पार करते हुए अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को घर के अंदर चार लोगों के शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे का मंजर देखकर दंग रह गई। महिला और तीन नाबालिग बच्चों के गले कटे हुए थे। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर पत्नी और बच्चों की हत्या की और बाद में फरार हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। फरार आरोपी पुलिस को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले में आसपास के लोगों, परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है, जिससे हत्या के कारणों का खुलासा हो सके।
Updated on:
25 Feb 2026 11:06 am
Published on:
25 Feb 2026 10:47 am
