
दिल्ली के स्वरूप नगर में भीषण आग(फोटो-IANS)
Delhi Fire Swaroop Nagar: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घबराए कुछ लोग सामने वाली इमारत से नीचे कूद गए, जिससे कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 15 गाड़ियां लगाई गईं। पुलिस के मुताबिक, आग स्वरूप नगर की गली नंबर-2 में स्थित एक फैक्ट्री में लगी थी।
आग खसरा नंबर 357/58 में स्थित इमारत के बेसमेंट और पहली मंजिल पर लगी थी। यहां जूडो के कपड़े और बॉक्सिंग के दस्ताने बनाए जाते हैं। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग रेक्सिन की कतरन और सूती बुनाई के सामान वाले गोदाम में लगी थी। इमारत में बेसमेंट और पहली मंजिल के अलावा दूसरी मंजिल पर टिन की शेड बनी हुई है। यह इमारत करीब 200 वर्ग गज क्षेत्र में फैली है।
पुलिस ने बताया कि आग की चपेट में आने से किसी व्यक्ति के झुलसने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग और धुएं से घबराकर पास की इमारत के कुछ लोग अपने घरों से बाहर निकलने की कोशिश में नीचे कूद गए। कुल छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से पांच लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक घायल को बुराड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक व्यक्ति पास की इमारत से कूदने के दौरान दाहिने पैर में चोट लगने से घायल हुआ।
दमकल विभाग के डीओ ए.के. जायसवाल ने एडीओ वाई.एस. मीना के माध्यम से आग पर काबू पाने के निर्देश दिए। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया और बाद में आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्वरूप नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी है।
Updated on:
13 Sept 2026 03:43 pm
Published on:
13 Sept 2026 03:36 pm
