1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अगस्त में गर्मी ने बनाया नया रिकॉर्ड, मानसून भी कमजोर- सितंबर में बारिश को लेकर IMD का अलर्ट

अल-नीनो के असर से अगस्त 2026 में देश ने गर्मी का नया रिकॉर्ड बनाया। 1901 के बाद अगस्त सबसे गर्म रहा और मानसून की बारिश 13.8% कम रही। सितंबर में भी राहत के आसार कम हैं।
2 min read
Google source verification
August 2026 Weather

अल-नीनो के असर से अगस्त 2026 में गर्मी ने बनाया नया रिकॉर्ड, Photo credit: AI

IMD Weather Update: देश में इस साल अगस्त ने गर्मी का नया रिकॉर्ड बनाया है। आईएमडी के अनुसार, 1901 में मौसम संबंधी रिकॉर्ड शुरू होने के बाद अगस्त 2026 देश का सबसे गर्म अगस्त रहा। महीने का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान की तुलना में 0.67 डिग्री ज्यादा है। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान भी रिकॉर्ड 24.36 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य न्यूनतम तापमान 23.68 डिग्री सेल्सियस है। गर्मी के साथ मानसून भी कमजोर रहा। अगस्त में देश में 213.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 16.3% कम है। मौसम विभाग ने अगस्त में कम बारिश के प्रमुख कारणों में अल-नीनो के असर को भी माना है।

25 साल में सातवीं सबसे कम बारिश

यह 2001 के बाद अगस्त में सातवीं सबसे कम बारिश है। जून से अगस्त तक पूरे मानसून सीजन में बारिश सामान्य से 13.8% कम रही। 31 अगस्त तक देश के करीब 348 जिले यानी 35% क्षेत्र में बारिश सामान्य से कम या बहुत कम दर्ज की गई। अगस्त में चार कम दबाव के क्षेत्र बने और ये कुल 26 दिन सक्रिय रहे, लेकिन इनसे हुई बारिश मुख्य रूप से गंगा के मैदानी इलाकों तक सीमित रही। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मानसूनी बारिश में 24.2% और पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत में 25.7% की कमी रही।

सितंबर में भी राहत की उम्मीद कम

आईएमडी ने सितंबर में भी मानसून के कमजोर रहने का अनुमान जताया है। देश में सितंबर की बारिश दीर्घकालिक औसत (एलपीए) के 91% से कम रहने की संभावना है। सितंबर में सामान्य बारिश का औसत 167.9 मिमी है। साथ ही, अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में मध्यम से मजबूत अल-नीनो परिस्थितियां बनी हुई हैं और आने वाले महीनों में इनके और मजबूत होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव

बंगाल की खाड़ी और आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के असर से देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। आईएमडी ने 2 सितंबर से 5 सितंबर तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की आशंका है।