
दिल्ली के तकिया काले खां इलाके में लगी आग(फोटो-ANI)
Fire News: दिल्ली के तकिया काले खां इलाके में मंगलवार देर रात झुग्गियों में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित बाल्मीकि बस्ती में लगी, जहां रिहायशी झुग्गियों के साथ कुछ स्टोरेज एरिया भी मौजूद थे। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बढ़ती आग को देखते हुए दमकल गाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ाई गई। देर रात तक कुल 24 फायर टेंडर मौके पर तैनात किए गए और आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल ऑफिसर मुकेश वर्मा के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को रात करीब 11.22 बजे मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर 7 से 8 दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए वाहनों की संख्या बढ़ानी पड़ी। बाद में कुल 24 फायर वाहन मौके पर लगाए गए, जिसके बाद आग को पूरी तरह काबू में कर लिया गया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, जिस इलाके में आग लगी वहां रिहायशी झुग्गियों के अलावा कुछ स्टोरेज सुविधाएं भी थीं। मौके पर प्लाइवुड स्टोरेज भी देखा गया। बड़ी मात्रा में लकड़ी, ज्वलनशील सामान और अस्थायी ढांचे मौजूद होने की वजह से आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। इसी कारण शुरुआती संसाधनों के बाद अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी मौके पर बुलाना पड़ा।
दमकल विभाग ने बताया है कि आग को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया है। हालांकि आग से कितनी झुग्गियां प्रभावित हुईं और संपत्ति का कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन अभी किया जा रहा है। फिलहाल अधिकारियों के पास किसी भी तरह की जनहानि की जानकारी नहीं है।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को हुई भीषण आग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि कुछ की जान दम घुटने से चली गई। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
Updated on:
23 Jun 2026 04:21 am
Published on:
23 Jun 2026 03:57 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
