
Rituals for 'Asthi Visarjan' of Manmohan Singh perform at Yamuna Ghat
Asthi Visarjan of Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अस्थियों को दिल्ली में गुरुद्वारा मजनूं का टीला साहिब के पास यमुना घाट पर उनके परिवार के सदस्यों की ओर से विसर्जित किया गया। एक दिन पहले निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उनकी अस्थियां आज गुरुद्वारा मजनू का टीला साहिब में लाई गईं। दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार ने गुरुद्वारे में शबद कीर्तन (गुरु ग्रंथ साहिब का संगीतमय पाठ), पाठ (गुरबानी का पाठ) और अरदास सहित कई अनुष्ठान किए। हालांकि, अस्थि विसर्जन में कांग्रेस के शामिल न होने पर BJP ने कांग्रेस नेताओं और गांधी परिवार पर निशाना साधा है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अस्थियां रविवार को उनके परिवार के सदस्यों द्वारा सिख रीति-रिवाजों के साथ मजनू का टीला गुरुद्वारे के पास यमुना नदी में विसर्जित कर दी गई। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट से अस्थि विसर्जन का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ''आज भारत मां के सपूत और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ मजनू का टीला स्थित गुरुद्वारे के पास यमुना घाट पर विसर्जित की गईं। हम सभी मनमोहन सिंह जी की देश सेवा, समर्पण और उनकी सहजता को हमेशा याद रखेंगे।''
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन के वक्त कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर फोटो भी शेयर की। अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''यह देखकर बहुत दुख हुआ कि डॉ. मनमोहन सिंह जी की अस्थियाँ लेने के लिए कांग्रेस या गांधी परिवार का एक भी सदस्य नहीं आया। मीडिया का ध्यान खींचने और राजनीति करने के लिए कांग्रेस मौजूद थी, लेकिन जब उन्हें सम्मान देने की बात आई तो वे नदारद हो गए। वाकई शर्मनाक है।''
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित निगमबोध घाट पर उनके परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों और सरकारी गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह उनके पार्थिव शरीर के पास पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व पीएम को अंतिम श्रद्धांजलि दी। सिख रीति-रिवाजों के अनुसार VIP घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. सिंह के पार्थिव शरीर को चंदन की लकड़ियों की चिता पर रखा गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद अंतिम संस्कार समारोह में मौजूद थे।
बता दें कि 26 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन 92 साल की आयु में दिल्ली के एम्स में हो गया था। 28 दिसंबर को उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया गया था। इससे पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित न करके उनका अपमान करने का आरोप लगाया था। दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम चिट्ठी लिखकर पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार वहीं कराने का निवेदन किया था, जहां पर उनका स्मारक बने।
Updated on:
29 Dec 2024 09:04 pm
Published on:
29 Dec 2024 06:14 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
