
डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी। (फोटो- ANI X)
India-US trade deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने वाला है। इस समझौते के लिए फ्रेमवर्क तैयार कर लिया गया है। भारत और अमेरिका ने संयुक्त बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की है। इस ट्रेड डील के तहत अमेरिका भारत पर लगाए गए 25 फीसदी रेसिप्रॉकल टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी करेगा। साथ ही, रूसी तेल की खरीदी पर लगाए गए दंडात्मक 25 फीसदी टैरिफ को भी हटाएगा।
भारत और अमेरिका ने व्यापार समझौते को लेकर साझा बयान जारी किया। दोनों देश इस फ्रेमवर्क को शीघ्र लागू करेंगे। ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम करेंगे। इससे दोनों देशों द्विपक्षीय व्यापार समझौते से लाभ मिले। भारतीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी राष्ट्रपति निवास व्हाइट हाउस ने इसे ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
ट्रेड डील में मुख्य भूमिका निभाने वाले भारतीय कॉमर्स मिनिस्टर पीयूष गोयल ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक मजबूत फ्रेमवर्क तैयार किया है। इससे भारतीय निर्यातकों- विशेषकर एमएसएमई, किसान और मछुआरों के लिए 30 ट्रिलियन डॉलर के विशाल बाजार के द्वार खुलेंगे। निर्यात में बढ़ोतरी से महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।'
पीयूष गोयल ने आगे कहा कि अंतरिम फ्रेमवर्क के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर रेसिप्रॉकल टैरिफ घटाकर 18 फीसदी करेगा। इससे दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी में कपड़े, चमड़ा व फुटवियर, प्लास्टिक व रबर उत्पाद, ऑर्गेनिक केमिकल्स, होम डेकोर, हस्तशिल्प और चुनिंदा मशीनरी जैसे भारतीय उत्पादों की पहुंच आसान होगी। वहीं, जेनेरिक फार्मास्यूटिकल्स, रत्न एवं आभूषण, विमान पुर्जों सहित कई वस्तुओं पर टैरिफ शून्य किए जाएंगे।
व्हाइट हाउस के अनुसार, भारत अमेरिका से आने वाले सभी इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स, कई खाद्य और कृषि वस्तुओं पर टैरिफ खत्म या कम करेगा। इनमें ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन्स, पशु आहार के लिए रेड सोरघम, ट्री नट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन ऑयल, वाइन और स्पिरिट्स शामिल हैं।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता किसानों के हितों की सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका को बनाए रखने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मक्का, गेहूं, चावल, सोया, पोल्ट्री, दूध, पनीर, एथेनॉल, तंबाकू, सब्जियों और मांस जैसे कृषि व डेयरी उत्पादों को पूरी तरह से संरक्षित रखा गया है।
Updated on:
07 Feb 2026 07:43 am
Published on:
07 Feb 2026 07:38 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
