17 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेनाध्यक्ष बनते ही बदल जाएगा थल सेना का चेहरा, बदल जाएंगे कई कमान के कमांडर

General Upendra Dwivedi: नए थल सेना अध्यक्ष नियुक्त किए गए लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेना प्रमुख बनते ही थल सेना का चेहरा भी बदल जाएगा। पढ़िए सुरेश व्यास की खास रिपोर्ट...

2 min read
Google source verification

General Upendra Dwivedi: नए थल सेना अध्यक्ष नियुक्त किए गए लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के सेना प्रमुख बनते ही थल सेना का चेहरा भी बदल जाएगा। सेना की कई कमान नए हाथों में होगी तो कई कोर कमांडर भी बदल जाएंगे। केंद्र में भाजपानीत एनडीए सरकार के बहुमत में आने के दो दिन बाद ही जनरल द्विवेदी को नया सेना प्रमुख बनाने का फैसला किया गया था। वे अभी थल सेना के उप प्रमुख हैं। मौजूदा सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को दिया गया एक महीने का विस्तार खत्म होते ही वे 30 जून को देश के 30वें सेना प्रमुख का पदभार सम्भालेंगे। पांडे को केंद्र सरकार ने गत 26 मई को आम चुनावों के बीच 30 दिन का सेवा विस्तार दिया था और यह अवधि समाप्त होने से पहले और जनरल द्विवेदी को सेवानिवृत्ति के 19 दिन पहले यानी गत 11 जून को नया सेना प्रमुख नियुक्त कर दिया था।

सेना के उप प्रमुख भी नए होंगे

जनरल द्विवेदी की नियुक्ति के साथ ही तय हो गया था कि सेना की कई कमानों के प्रमुख बदल जाएंगे। वहीं सेना के उप प्रमुख के पद पर भी नया चेहरा दिखाई देगा। उप प्रमुख के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि की नियुक्ति होने के आसार हैं। वे अभी सेना की सेंट्रल कमान के आर्मी कमांडर हैं। उनका नाम नए सेना प्रमुख के रूप में भी सामने आया था, लेकिन सरकार ने वरियता के बजाय वरिष्ठता को तवज्जो देते हुए जनरल द्विवेदी को नया सेना प्रमुख बनाने की घोषणा कर दी, लेकिन सेना उप प्रमुख भी एक महत्वपूर्ण पद है और सेना के आधुनिकीकरण व स्वदेशीकरण जैसे कई अहम फैसलों में उनकी अहम भूमिका होती है।

दक्षिण कमान के मुखिया भी बदलेंगे

जनरल द्विवेदी के बैचमेट और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण दक्षिण कमान के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह भी 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। प्रतिरक्षा सूत्रों के अनुसार उनके स्थान पर जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिम कमान के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को लगाया जा सकता है। दक्षिण पश्चिम कमान के नए आर्मी कमांडर के रूप में शिमला स्थित सेना की ट्रेनिंग कमान के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह का नाम सामने आ रहा है। उनके स्थान पर पश्चिम कमान के आर्मी कमांडर देवेंद्र शर्मा को भेजा जा सकता है। कश्मीर और चीन-पाकिस्तान से सटी उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्या सेनगुप्ता को लखनऊ स्थित मध्य कमान का नया आर्मी कमांडर बनाया जा सकता है।

कोर कमांडरों में बदलाव संभव

कमान मुख्यालयों के अलावा कई कोर कमांडर बदलने की बात भी सामने आ रही है। इनमें प्रमुख नाम सेना मुख्यालय में आर्मी सचिव बनाए गए लेह स्थित 14वीं कोर के मुखिया लेफ्टिनेंट जनरल रशिम बाली की जगह पदोन्नति उपरांत मेजर जनरल हितेश भल्ला को मौका मिल सकता है। अम्बाला स्थित दूसरी स्ट्राइक कोर के मुखिया के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर का नाम आ रहा है। सूत्रों के अनुसार ये सभी बदलाव 30 जून से पहले आधिकारिक रूप से सामने आएंगे और आगामी एक जुलाई से सेना का नया चेहरा सामने होगा।

यह भी पढ़ें- Agnipath Scheme: क्या अग्निपथ योजना में बदलाव करने जा रही मोदी सरकार? फेरबदल की खबर पर केंद्र ने दिया ये जवाब

यह भी पढ़ें- 500 Rupees: 2000 के बाद अब RBI का 500 के नोट को लेकर बड़ा ऐलान, जानिए क्या है नई गाइडलाइन