
सोनिया गांधी के कहने पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी को कहा रावण : संबित पात्रा
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण के लिए वोटिंग 1 दिसम्बर को पड़ेगी। सोमवार को गुजरात चुनाव प्रचार के पहले चरण का अंतिम दिन था। पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान के बाद गुजरात में घमासन मच गया है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक रैली में कहाकि, मोदी हर चुनाव में दिख जाते हैं, क्या उनके रावण की तरह 100 सिर हैं?' बस फिर क्या था खरगे के इस बयान पर भाजपा बिफर गई और कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कई आरोप जड़ दिए। भाजपा के संबित पात्रा ने इसके जवाब में कहाकि,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने PM मोदी को रावण कहा है, मुझे लगता है कि इस तरह की भाषा का प्रयोग एक PM के लिए करना उचित नहीं है। ये निंदनीय है और कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। यह सिर्फ PM का अपमान नहीं है, यह हर गुजराती और गुजरात का अपमान है।
सोनिया के कहने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम का किया अपमान
कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए भाजपा ने आरोप लगाया कि, सोनिया गांधी के कहने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान किया है। और गुजरात की जनता कांग्रेस से बदला लेगी।
यह खड़गे के नहीं सोनिया और राहुल के शब्द हैं
भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, सोनिया गांधी ने एक समय पर मोदी को मौत का सौदागर कहा था। और आज उनके कहने पर उन्ही की पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण कहा है। यह खड़गे के नहीं बल्कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के शब्द हैं।
कांग्रेस की मानसिकता दिखाता है
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने खड़गे के बयान को पूरे गुजरात और गुजरातियों का अपमान बताते हुए आरोप लगाया कि, सोनिया गांधी से लेकर खड़गे तक कांग्रेस के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया और यह कांग्रेस की मानसिकता को दिखाता है। सोनिया और राहुल गांधी की नफरत की भावना को दिखाता है।
ऐसे शब्दों का प्रयोग निंदनीय
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आगे कहा कि, गुजरात में खड़े होकर गुजरात के सपूत के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग करना निंदनीय है और गुजरात की जनता इसका जवाब देकर कांग्रेस को आईना दिखाने का काम करेगी।
लोकतांत्रिक तरीके से लें कांग्रेस से बदला
गुजरात की सभी जनता से बाहर निकल कर शत प्रतिशत यानी 100 प्रतिशत वोट करने की अपील करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि, गुजरात की जनता को गुजरात के सपूत के अपमान का बदला लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस से लेना चाहिए।
कांग्रेस को सबक सिखाना जरूरी
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि, गुजरातियों को इन अपशब्दों को लेकर कांग्रेस को सबक सिखाना चाहिए और अपमान का बदला लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस से लेना चाहिए।
Updated on:
29 Nov 2022 02:34 pm
Published on:
29 Nov 2022 02:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
