Haryana Weather News Updates Forecast Today 17-09-2021: भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने कहा है कि राज्य में अगले दो से तीन दिन तक भारी वर्षा की संभावनाएं बन रही हैं।
Haryana Weather News Updates Forecast Today 17-09-2021: नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने कहा है कि हरियाणा राज्य के नरवाना, राजौंद, आसंद, बरवाला सहित कई अन्य क्षेत्रों में आज वर्षा होने की संभावनाएं बनी हुई हैं। इनके अलावा राज्य के दिल्ली से लगते प्रदेश तथा करनाल, सफीदो, जिंद, पानीपत, गोहाना, हांसी, मेहम, सोनीपत, रोहतक सहित कई अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार हरियाणा में कई स्थानों पर तेज हवा और तूफान के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। विभाग द्वारा दी गई सूचना में कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना सहित कई जगहों के बारे में चेतावनी दी गई है। विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जिसके चलते उड़ीसा और पश्चिमी बंगाल से लेकर हरियाणा तक मानसून का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। इन सभी क्षेत्रों में मध्यम से भारी स्तर की बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
माना जा रहा है कि हरियाणा राज्य में अगले दो से तीन दिन तक मौसम यथावत ही रहेगा और लगातार बूंदाबांदी या हल्की बारिश पूरे राज्य में होती रहेगी। कहीं-कहीं पर यह ज्यादा भी हो सकती है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मानसून के दौरान हुई वर्षा ने राज्य में पिछले लगभग दस वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। विभाग के अनुसार 2011 के बाद पहली बार इतनी अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
ठंडी हवाओं और बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आएगी। राज्य में गर्मी का प्रकोप कम होगा और मौसम ठंडा रहेगा। आज तापमान चंडीगढ़ में 25 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 27 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 26 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 27 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 27.4 डिग्री सेल्सियस तथा हिसार में 26.6 डिग्री सेल्सियस रहेगा।