14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, दिल्ली-यूपी से लेकर राजस्थान तक भारी बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं

Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन से देशभर में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें अपने शहर का मौसम...
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pratiksha Gupta

Aug 14, 2026

Bay of Bengal depression, monsoon 2026

IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की (फाइल फोटो)

Weather News: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक मजबूत डिप्रेशन से मानसून एक बार फिर बहुत तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तट पर बना यह सिस्टम अगले 24 घंटे में झारखंड और पश्चिम बंगाल के बाकी हिस्सों की तरफ बढ़ेगा। जिससे पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में भारी बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान आने की पूरी संभावना है।

दिल्ली-NCR और यूपी में लगातार होगी बारिश

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के ज्यादातर इलाकों में दिनभर रुक-रुककर तेज बौछारें पड़ने और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून का असर ज्यादा रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में 18 अगस्त तक लगातार भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 से 18 अगस्त के बीच कई स्थानों पर झमाझम बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बताया जा रहा है।

पहाड़ों पर खतरा, राजस्थान के कई जिलों में बरसेगा पानी

पहाड़ी राज्यों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी सतर्कता रखने वाले हो सकते हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 अगस्त तक कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का दौर बना रहेगा। खासकर हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने का जोखिम बढ़ गया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वी राजस्थान के विभिन्न जिलों में बादलों की तेज गर्जन के साथ भारी बारिश की संभावना है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

मध्य भारत में 'रेड अलर्ट', छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा खतरा

कम दबाव के इस डिप्रेशन का सबसे सीधा और खतरनाक प्रभाव मध्य और पूर्वी भारत पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में स्थिति को गंभीर बताते हुए कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भी भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा। वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और थंडरस्क्वॉल की स्थिति बन सकती है।

पूर्वोत्तर, दक्षिण और तटीय इलाकों में अलर्ट, समुद्र में उफान

देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड सहित पूरे पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी भारत में गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में बादल जमकर बरसेंगे। दक्षिण भारत के तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट रहेगा। इधर, बंगाल की खाड़ी में उठने वाली तेज हवाओं की वजह से समुद्र काफी उग्र रहेगा। 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।