Himachal Pradesh government Decision हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मंत्रियों की शपथ से पहले हिमाचल की जनता को महंगे डीजल का झटका दे दिया है। हिमाचल प्रदेश सरकार डीजल के वैट में बढ़ोत्तरी की है तो पेट्रोल के वैट में कमी की है।
हिमाचल की जनता को हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने एक बड़ा झटका दिया। हिमाचल प्रदेश में अब डीजल महंगा बिकेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया है। पर साथ ही पेट्रोल के दामों में कमी कर दी है। कर एवं आबकारी विभाग ने डीजल पर लगने वाले वैट को शनिवार रात से बढ़ा दिया है। हिमाचल प्रदेश में डीजल पर प्रति लीटर 4.40 रुपए लगने वाले वैट को बढ़ाकर ₹7.40 कर दिया गया है। शिमला में डीजल 82.92 रुपए प्रति लीटर से अब 85.92 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि पेट्रोल 95.07 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
पेट्रोल पर लगभग 0.55 रुपए वैट कम
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मंत्रियों की शपथ से पहले जनता को महंगे डीजल का झटका दे दिया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने डीजल पर लगभग 3 रुपए वैट बढ़ाया (विभिन्न ईंधन स्टेशनों के अनुसार वृद्धि अलग-अलग होगी)। जबकि पेट्रोल पर लगभग 0.55 रुपए वैट कम किया गया है (अलग-अलग ईंधन स्टेशनों के अनुसार कमी अलग-अलग होगी।)
सुबह 6 बजे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में होता है बदलाव
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रोजाना सुबह 6 बजे बदलाव होता है। और नए रेट जारी किए जाते हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन, वैट और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसकी कीमत मूल भाव से लगभग दोगुना हो जाती है।
हिमाचल में कैबिनेट विस्तार, सात विधायक बने मंत्री
सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रविवार को अपने पहले कैबिनेट विस्तार में सात मंत्रियों को शामिल किया। पहली बार मंत्रिमंडल में आने वाले और अनुभवी दोनों तरह के विधायक हैं, जिनमें सबसे उम्रदराज 82 साल के कर्नल धनी राम शांडिल हैं, जो तीन बार विधायक और सांसद रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में सबसे युवा 33 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह हैं, जो छह बार के मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं। उनकी मां और सांसद प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे थीं। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने यहां कैबिनेट स्तर के सात मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।