
BJP सांसद कंगना रनौत पर कांग्रेस नेता अलागिरी ने की टिप्पणी (Photo-IANS)
कांग्रेस नेता केएस अलागिरी ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत के लिए विवादित बयान दिया। कांग्रेस नेता ने गुरुवार को कहा कि बीजेपी सांसद कंगना को थप्पड़ मारा जाना चाहिए अगर वह तमिलनाडु का दौरा करती है। कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद सियासी बवाल तेज हो गया है। कांग्रेस नेता के बयान पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम जहां चाहे जा सकते है।
कांग्रेस नेता केएस अलागिरी ने किसानों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- कुछ महीने पहले एयरपोर्ट पर पुलिस अधिकारी ने कंगना रनौत को थप्पड़ मार दिया। पुलिस अधिकारी ने कारण बताया था कि वो जहां भी जाती हैं, सबको गालियां देती हैं। मैंने खेतिहर मज़दूरों से कहा कि अगर वो हमारे इलाके में आती हैं, तो वही करें जो एयरपोर्ट पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने किया। आपको भी एयरपोर्ट पर मौजूद पुलिस अधिकारी जैसा ही करना चाहिए। तभी वो अपनी गलती सुधारेंगी।
अलागिरी ने कहा कि कल करीब 15 किसान मेरे पास आए और बताया कि कंगना रनौत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि महिला किसान कमजोर जमीन पर काम कर रही है, लेकिन वे क्रांतिकारी महिलाएं है। साथ ही कंगना रनौत ने कहा था कि अगर उन्हें 100 रुपये दिए जाएं, तो वे कहीं भी आ जा सकती हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेता अलागिरी ने कहा कि कल किसानों ने मुझे इसकी सूचना दी। मैं हैरान रह गया। कंगना रनौत खेतिहर महिलाओं की आलोचना क्यों कर रही हैं? वे ग्रामीण भारत से आती हैं।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम जहां चाहें जा सकते हैं। कोई किसी को रोक नहीं सकता। अगर कुछ लोग मुझसे नफरत करते हैं, तो कुछ लोग मुझसे प्यार भी करते हैं। तमिलनाडु के लोगों ने हमेशा मुझ पर प्यार बरसाया है। एक व्यक्ति के कुछ कहने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
बता दें कि पिछले साल जून में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एक सीआईएसएफ कॉन्स्टेबल ने कंगना को थप्पड़ मारा था। इस घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हुआ था। हालांकि इस घटना के बाद कांस्टेबल को निलंबित कर दिया था।
Updated on:
18 Sept 2025 04:30 pm
Published on:
18 Sept 2025 04:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
