19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IMD Alert: प्री-मानसून में 19-22 मार्च तक होगी तेज बारिश, राजस्थान-यूपी समेत इन राज्यों में अलर्ट

Pre-Monsoon Rain Alert: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति, शिमला और मंडी में भारी बर्फबारी हुई। अटल टनल के पास बर्फ जमा होने से यातायात बाधित हुआ।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Ashib Khan

Mar 19, 2026

मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट किया जारी

Pre-Monsoon Rain Alert: मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहले देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। चैत्र मास में गरज-चमक के साथ मेघ-मल्हार शुरू हो गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के हिमालयी रेंज राज्यों में बुधवार को बर्फबारी हुई है तो मैदानी क्षेत्रों के राजस्थान, पंजाब समेत मध्य व दक्षिण भारत के 16 राज्यों में तेज आंधी-बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई।

मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, 18 से 22 मार्च के बीच कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का असर देखने को मिलेगा।

राजस्थान में इन जगहों पर हुई बारिश

राजस्थान के जैसलमेर, सीकर, झुंझनू, जोधपुर, फलोदी सहित कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। कुछ स्थानों पर तेज आंधी ने जनजीवन को बेहाल किया। दिल्ली-एनसीआर के कई स्थानों पर शाम को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।

हिमाचल हुई बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति, शिमला और मंडी में भारी बर्फबारी हुई। अटल टनल के पास बर्फ जमा होने से यातायात बाधित हुआ। कुकुमसैरी में तापमान माइनस 4.6 डिग्री तक पहुंच गया। उत्तराखंड के बदरीनाथ, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी दर्ज की गई। अगले 72 घंटे तक तेज बारिश व बर्फबारी की चेतावनी है। 

कर्नाटक के धारवाड़ जिले की कालघाटगी तहसील में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। सड़कों पर पर ओलों की चादर बिछने से नजारा कश्मीर जैसा दिखने लगा। मेघालय के रीभोई, उमलिंग और जिरांग ब्लॉक में तेज आंधी-बारिश से एक हजार से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे करीब 5000 लोग प्रभावित हुए।

ओले-बारिश की चेतावनी

19 मार्च को राजस्थान, मध्य प्रदेश (13 जिले), बिहार (7 जिले), झारखंड, पंजाब और हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में तेज आंधी-बारिश और कुछ स्थानों पर ओलाव़ृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है।

20 मार्च को पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम व झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट किया गया है।

पूर्वोत्तर भारत में 19 से 22 मार्च तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। दक्षिण भारत में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं बिजली और तेज हवा भी चल सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी गिरने का अनुमान जताया है।