
Aditya Birla Group enters jewellery market with Indriya
Birla Jewellery Business Indriya: आभूषणों की खुदरा बिक्री का कारोबार कड़ी प्रतिस्पर्धा का गवाह बनने वाला है। इस सेगमेंट में पहले से टाटा (TATA) और अंबानी (Ambani) जैसे दिग्गज मौजूद हैं। देश के सबसे प्रमुख कारोबारी घरानों में एक आदित्य बिड़ला समूह ने भी ब्रांडेड रिटेल ज्वेलरी बिजनेस में एंट्री ली है। आने वाले दिनों में आभूषण बिजनेस में बिड़ला की टक्कर टाटा और अंबानी के साथ होने वाली है। समूह ने ज्वेलरी बिजनेस के लिए 5 हजार करोड़ रुपये निवेश करने की योजना तैयार की है। नोवेल जेवेल्स नाम दिया गया है।
कुमार मंगलम बिड़ला की अगुवाई वाले आदित्य बिड़ला समूह ने शुक्रवार को इंद्रीय (Indriya) नाम से ज्वेलरी के नए रिटेल ब्रांड की शुरुआत की। आदित्य बिड़ला समूह (Aditya Birla Group) के टेलीकॉम से शर्ट-पैंट तक के कारोबार में अब आभूषणों का नाम भी दर्ज हो गया है। आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनियों में देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक से लेकर प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर वोडाफोन आइडिया (Vi) के नाम शामिल हैं। समूह की फाइनेंशियल सर्विसेज और फैशन जैसे बिजनेस में भी मजबूत उपस्थिति है। आदित्य बिड़ला समूह ने ब्रांडेड ज्वेलरी के बिजनेस के लिए एक नई कंपनी बनाई है।
बिड़ला समूह ने ब्रांडेड ज्वेलरी के रिटेल बिजनेस में ऐसे समय कदम रखा है, जब देश में अनब्रांडेड आभूषणों की तुलना में ब्रांडेड आभूषणों का आकर्षण बढ़ा है। ग्राहकों का एक बड़ा हिस्सा अब पारंपरिक सर्राफा दुकानों के बजाय ब्रांडेड आभूषणों को खरीदना पसंद कर रहा है। तनिष्क ब्रांड के जरिए टाटा समूह, रिलायंस जेवेल्स के माध्यम से रिलायंस समूह के अलावा ब्रांडेड ज्वेलरी के सेगमेंट में कल्याण ज्वेलर्स, जोयालुक्कास, मालाबार आदि जैसे ब्रांड इस सेगमेंट में पहले से मार्केट में मौजूद हैं। भारत में आभूषणों के बाजार का आकार लगभग 6.7 लाख करोड़ रुपये का बताया जाता है। कुमार मंगलम बिड़ला ने अपने समूह के ज्वेलरी ब्रांड इंद्रीय की लॉन्चिंक के मौके पर कहा कि इस ब्रांड को अगले पांच साल में देश के टॉप-3 ज्वेलरी ब्रांड में से एक बनाना लक्ष्य है। बता दें कि कुमार मंगलम बिड़ला अभी आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन हैं। अभी उनके समूह का लगभग 20 फीसदी राजस्व कंज्युमर बिजनेस से आ रहा है। उन्हें अगले पांच साल में यह आंकड़ा 25 फीसदी से ज्यादा हो जाने और 25 बिलियन डॉलर के करीब पहुंच जाने की उम्मीद है।
Updated on:
28 Jul 2024, 12:02 PM IST
Published on:
28 Jul 2024, 12:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.