17 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IPS अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर, सतीश गोलचा की लेंगे जगह

IPS Anurag Kumar: केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त किया है। वह सतीश गोलचा का स्थान लेंगे। अनुराग कुमार पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर थे और दिल्ली पुलिस में भी व्यापक अनुभव रखते हैं।
2 min read
Google source verification
IPS Anurag Kumar appointed as Delhi Police Commissioner

IPS अनुराग कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त (फोटो- एएनआई)

IPS Anurag Kumar: केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी अनुराग कुमार को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। वह सतीश गोलचा का स्थान लेंगे, जो अगस्त 2025 से राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे थे। गृह मंत्रालय ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए बताया कि अनुराग कुमार कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त रहेंगे। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुडे मामलों को लेकर पुलिस की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है।

इंटेलिजेंस ब्यूरो में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कर चुके काम

अनुराग कुमार वर्ष 1994 बैच के अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश कैडर (AGMUT) के आईपीएस अधिकारी हैं। नियुक्ति से पहले वह इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उन्हें इंटेलिजेंस ब्यूरो से उनके मूल एजीएमयूटी कैडर में वापस भेजने को मंजूरी दी थी। गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से अनुराग कुमार, आईपीएस, को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस आयुक्त नियुक्त किया जाता है।

दिल्ली पुलिस में लंबे समय तक काम करने का अनुभव

अनुराग कुमार के पास दिल्ली पुलिस में लंबे समय तक काम करने का अनुभव है। उन्होंने राजधानी के कई जिलों में पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में जिम्मेदारी निभाई है। इसके बाद उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो में कई महत्वपूर्ण खुफिया पदों पर सेवाएं दीं, जहां उन्हें आंतरिक सुरक्षा और रणनीतिक मामलों का व्यापक अनुभव मिला। माना जा रहा है कि पुलिसिंग और खुफिया तंत्र दोनों में उनका अनुभव राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में उपयोगी साबित हो सकता है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

सतीश गोलचा को नई जिम्मेदारी मिलेगी

गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, कार्यभार सौंपने के बाद सतीश गोलचा को उनकी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। वर्ष 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईपीएस अधिकारी गोलचा इससे पहले तिहाड जेल के महानिदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्हें 22 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया था। अब उनके स्थान पर अनुराग कुमार राजधानी की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे। आने वाले समय में उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आधुनिक पुलिसिंग और सुरक्षा से जुडी चुनौतियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना होगी।