
Congress: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा हमें एक रहकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करनी है। अगर संविधान और लोकतंत्र नहीं बचा तो हमारी हिस्सेदारी और भागेदारी भी नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय कुछ लोगों को ही वोटिंग का अधिकार था, जिनमें जमींदार और अमीर लोग हुआ करते थे। लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू के पीएम बनने के बाद सार्वभौमिक मताधिकार के साथ सभी को वोटिंग का अधिकार दिया था।
महारैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की बात की तो नरेंद्र मोदी ने कहा- हम देश को तोड़ने की बात कर रहे हैं। लेकिन, हम देश को तोड़ने की नहीं, देश को जोड़ने की बात कर रहे हैं। जातिगत जनगणना से पता चलेगा कि किसकी कितनी भागीदारी और हिस्सेदारी है, ताकि उनके लिए बेहतर काम किया जा सके।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की एकता को तोड़ने में नरेंद्र मोदी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। हमारी लड़ाई उनकी फैलाई गई नफरत के खिलाफ है, जिसके लिए राजनीतिक शक्ति बेहद जरूरी है। अगर बाबासाहेब अंबेडकर संविधान के रूप में आपको मताधिकार नहीं देते, तो देश में लोग बड़े और शक्तिशाली पदों पर नहीं बैठे होते।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा आज देश में हर जगह सर्वे वाले ये पता लगा रहे हैं कि कहां पहले मंदिर थे और कहां मस्जिद थी। लेकिन 2023 में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था- 'हमारा लक्ष्य राम मंदिर बनाने का था, हर मस्जिद के नीचे शिवालय ढूंढना गलत है।' जब BJP-RSS वाले ही ये बातें कह रहे हैं, तो फिर सर्वे के नाम पर खोद-खोदकर झगड़ा क्यों लगाया जा रहा है। हम सभी तो एक हैं। नरेंद्र मोदी कहते हैं- 'एक हैं तो सेफ हैं', लेकिन आप सेफ रहने ही नहीं दे रहे। सच्चाई ये है कि काटने वाले भी आप हैं और बांटने वाले भी आप हैं।
मल्लिकार्जुन खरग ने कहा BJP नैतिकता की सिर्फ बातें करती है, लेकिन अनैतिक काम करती है। वो कभी EVM से वोट चुराती है तो कभी आपके चुने हुए MLA चुराती है। कभी आपकी पेंशन चुराती है तो कभी किसानों की MSP चुराती है। कई बार शिकायतें आती हैं कि चुनाव हो जाने के बाद भी EVM में 99% बैटरी बची रह गई, तो कभी एक घंटे में हजार वोट डाल दिए गए। इसलिए ये बहुत जरूरी है कि हम साथ मिलकर लोकतंत्र को बचाएं।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा देश में गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई बढ़ती ही जा रही है, लेकिन फिर भी नरेंद्र मोदी इस ओर ध्यान नहीं देते। इसलिए हम साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ेंगे। हम जातिगत जनगणना करवाएंगे और रिजर्वेशन में 50% की सीमा को खत्म कर उसे आगे बढ़ाएंगे, तभी लोगों को न्याय मिलेगा।
Published on:
01 Dec 2024 05:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
