
जादवपुर यूनिवर्सिटी में बवाल
Jadavpur University: कोलकाता के प्रतिष्ठित जादवपुर यूनिवर्सिटी (JU) में वामपंथी छात्रों द्वारा लगातार की जा रही हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। जादवपुर यूनिवर्सिटी के परिसर में वामपंथी छात्रों के उग्र विरोध-प्रदर्शन के एक दिन बाद भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। शनिवार रात को तृणमूल समर्थित कर्मचारी संगठन ‘शिक्षाबंधु’ के कार्यालय में अचानक आग लग गई। तृणमूल समर्थित संगठन का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया है।
यूनिवर्सिटी में वामपंथी छात्रों के हंगामे के दौरान बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु घायल हो गए थे। कल प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मंत्री की कार को कथित तौर पर परिसर में प्रवेश करने के बाद रोका गया और उसके बाद हाथापाई की गई। छात्र विश्वविद्यालय की छात्र परिषद के लिए तत्काल चुनाव कराने की मांग कर रहे थे। इस घटना को लेकर पहले ही पांच एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। यूनिवर्सिटी के एक पूर्व छात्र को गिरफ्तार किया गया है।
शिक्षा मंत्री के बाद कुलपति भास्कर गुप्ता से भी बदसलूकी का मामला सामने आया है। कल यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा के बाद घायल छात्रों से मिलने केपीसी अस्पताल पहुंचे जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति भास्कर गुप्ता के साथ भी बदसलूकी हुई। कुलपति ने आरोप लगाया कि कुछ छात्राएं अचानक उनके पास आईं और उन्हें धक्का दिया। भास्कर ने बताया कि कुछ छात्र ने उनको गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर ले गए। उन्होंने कहा कि छात्रों के इस व्यवहार से वह काफी हैरान और परेशान है।
ऐसा लग रहा है कि यह मामला अभी शांत नहीं होने वाला है। क्योंकि एसएफआई ने कल यानी सोमवार को राज्य के सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों में हड़ताल का आह्वान किया है। तृणमूल समर्थित शिक्षक संगठन वेबकूपा ने कल जादवपुर इलाके के 8बी बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
Updated on:
2 Mar 2025, 2:52 PM IST
Published on:
2 Mar 2025, 2:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.