
Jharkhand Accident 2 Local Pilots killed in Train Accident by Mumbai Howrah Express
Jharkhand Train Accident: झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल में रेल इंजन बदलने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से दो लोको पायलट की मौत हो गई। यह घटना चक्रधरपुर रेल मंडल के राजखरसवां में शुक्रवार देर रात हुई। बताया गया कि चक्रधरपुर रेल मंडल में पदास्थापित दो लोको पायलट राजखरसवां में इंजन बदल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही मुंबई हावड़ा मेल एक्सप्रेस ट्रेन ने दोनों चालकों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में जान गंवाने वाले ट्रेन चालकों की पहचान डीके सहाना और मो. अख्तर आलम के रूप में हुई है। टीके साहाना पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जबकि मो अख्तर आलम बनपुर के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना फैलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना के बाद मौके पर रेलवे के वरीय अधिकारी भी पहुंचे। इसके बाद रेल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना दोनों लोको पायलट के परिजनों को दे दी गई है। जिसके बाद उनके घर में कोहराम मचा है।
हादसे के बारे में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजकर 18 मिनट पर दोनों लोको पायलट नीचे पटरी पर उतरकर रेल इंजन बदलने का काम कर रहे थे, तभी दूसरी रेल लाइन में तेज रफ्तार में आ रही मुंबई हावड़ा मेल एक्सप्रेस ने दोनों लोको पायलट को अपनी चपेट में ले लिया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय रेल कर्मी घटना के बाद दोनों लोको पायलट को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल ले आए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों का शव रेलवे अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। इधर रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे की जांच के निर्देश दिए गए है। देर रात हुई इस घटना से रेलकर्मियों में दहशत का माहौल है।
इधर आज सुबह करीब 8.30 बजे शवों का पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर लाया गया। जहां पर सीनियर डीपीओ हरिताश रंजन, रेलवे अस्पताल के डॉक्टर जी सोरेन समेत लोको पायलट और अन्य कर्मी पहुंचे थे। इधर, रेलवे ने हादसे पर जांच के निर्देश दिए।
Published on:
19 Nov 2022 10:57 am
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
