
पलामू में तालाब किनारे लावारिस हालत में मिली नवजात (प्रतीकात्मक तस्वीर)
झारखंड के पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रविवार को तालाब किनारे एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पाई गई है। मामला जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र का है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्ची की उम्र सिर्फ एक दिन है। आसपास के लोगों को बच्ची की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को इस बात की सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बच्ची को अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि, बच्ची के मां-बाप का अभी पता नहीं चल पाया है।
रविवार सुबह तालाब के पास जब आसपास के लोग मार्निंग वॉक कर रहे थे उसी दौरान उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनी। इसके बाद जब पास जाकर देखा गया तो उन्हें झाड़ियों के पास कंबल में लिपटी हुई मासूम बच्ची मिली। बच्ची के मिलने की खबर तेजी से आसपास के इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग तालाब के पास इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत इस मामले की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
चौधरी ने तुरंत अपनी टीम के साथ बच्ची को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया, हमें तालाब किनारे बच्ची के मिलने की सूचना मिली थी जिसके बाद हमने तुरंत मौके पर पहुंच कर बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज चल रहा है। मेदिनीनगर के एसडीपीओ मनी भूषण प्रसाद के अनुसार, फिलहाल बच्ची के माता पिता का पता नहीं चल पाया है और उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता करने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची को किसने और क्यों तालाब के पास छोड़ा।
बच्ची के मां-बाप का पता लगाने के लिए आस पास के गांवों में हाल ही में हुए प्रसवों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि लिंग भेदभाव के चलते शायद बच्ची के जन्म के तुरंत बाद उसके मां-बाप ने उसे लावारिस हालत में मरने के लिए तालाब के पास छोड़ दिया। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरा की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकालेगी।
Published on:
10 Nov 2025 11:13 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
