
हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Jharkhand Woman Killed Witchcraft Suspicion: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जादू-टोना करने के शक में एक 55 साल की महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोनुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुंदुकोचा वन गांव की है। मृतक महिला की पहचान बैबेरा गांव की रहने वाली चंदू पूर्ति के रूप में हुई है। आज दुनिया कहां से कहां पर पहुंची है, लेकिन कुछ लोग आज भी अंधविश्वास के साये में जी रहे है।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि धारदार हथियार से गला काटकर महिला की बेरहमी से हत्या की गई थी। इसके बाद सबूत मिटाने की कोशिश में आरोपियों ने शव को जंगल की एक खाई में फेंक दिया।
इस घटना का पता मंगलवार को चला जब ग्रामीणों ने जंगल वाले इलाके से दुर्गंध आने के बाद पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता के घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक खाई से शव बरामद किया।
जांच के दौरान पुलिस ने बुधवार को पानसुआन गांव के रहने वाले 26 वर्षीय प्रेमजीत बनरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, आरोपी प्रेमजीत बनरा ने कथित तौर पर इस अपराध में शामिल तीन अन्य व्यक्तियों के नाम बताए। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि महिला जादू-टोना करती है, क्योंकि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी और ठीक नहीं हो रही थी। इसी शक के आधार पर, उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर महिला की हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया। सोनुआ थाने के प्रभारी (SHO) ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चाइबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
Updated on:
20 May 2026 01:08 pm
Published on:
20 May 2026 01:08 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
