
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला (ANI)
Former CM Farooq Abdullah: जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला को जान से मारने की कोशिश की गई। बुधवार रात जब वह एक शादी समारोह में थे, उसी दौरान एक बुजुर्ग शख्स ने उन पर पीछे से गोली चलाई, लेकिन समय रहते पूर्व सीएम के सुरक्षा दस्ते में तैनात कमांडों ने आरोपी को धर दबोचा और नीचे गिरा दिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई। हमलावर कमल सिंह जामवाल ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि वह 20 साल से अब्दुल्ला को मारना चाहता था। वहीं, घटना के बाद फारूक अब्दुल्ला की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
नेशनल कॉफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जब मैं शादी समारोह से बाहर निकल रहा था, तभी मुझे पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और NSG के जवानों ने मुझे फौरन किसी सुरक्षित स्थान पर ले गए। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर को धर दबोचा। सुरक्षाकर्मियों ने जो कुछ भी किया, उसे बयान करने के लिए कोई शब्द नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो मैं उस आदमी को जानता हूं, और न ही मेरे पास उसके बारे में कोई जानकारी है।
अब्दुल्ला ने कहा कि वह हमले के पीछे के मकसद या यह सुरक्षा में चूक थी या नहीं, इस बारे में कोई अंदाजा नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि उसका इरादा क्या था। यह कहना कि यह सुरक्षा में चूक थी, एक बहुत बड़ी बात होगी। शादी में कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं, लेकिन वहां कोई पुलिस मौजूद नहीं थी।
उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फोन आया। उन्होंने मेरा हालचाल पूछा और मुझे भरोसा दिलाया कि वे इस मामले की जांच करेंगे। नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख ने कहा कि बढ़ती नफरत ऐसी घटनाओं में योगदान दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि जब नफरत का माहौल होता है, तो ऐसी चीजें होती रहती हैं। कोई भी धर्म नफरत नहीं सिखाता, बल्कि सिर्फ प्यार करना सिखाता है।
Updated on:
12 Mar 2026 01:31 pm
Published on:
12 Mar 2026 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
