
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला (फोटो - वीडियो स्क्रीनशॉट X/ @AngrySaffron)
Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों ने दो प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक की मौत हो गई जबकि भूपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह हमला कुलगाम के केल्लम इलाके में हुआ। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों मजदूरों पर अचानक गोलीबारी की गई। फायरिंग के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भूपेंद्र कुमार का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमले के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा बल जंगल और आसपास के इलाकों में आतंकियों की तलाश कर रहे हैं। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह एक कायराना हमला है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। उपराज्यपाल ने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायल मजदूर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पिछले 10 दिनों में यह दूसरा लक्षित आतंकी हमला है। इससे पहले अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए 3,000 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया था। लगातार हो रहे ऐसे हमलों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा जारी है। यात्रा को देखते हुए पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 670 अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की कंपनियां भी तैनात की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि पूरे कश्मीर में निगरानी बढ़ा दी गई है और आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Updated on:
31 Jul 2026 11:11 pm
Published on:
31 Jul 2026 10:06 pm
