
सिद्धारमैया के पैर छूते डीके शिवकुमार (फोटो- पीटीआई एक्स पोस्ट)
Karnataka CM Row: कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से सत्ता परिवर्तन को लेकर चल रही बहस पर मुहर लग गई है। सीएम सिद्धारमैया ने सीएम पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान एक तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें डीके शिवकुमार, सीएम सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने आवास पर एक विशेष ब्रेकफास्ट बैठक का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के मंत्री इस बैठक में हिस्सा लेने सीएम आवास पर पहुंचे। मंत्रियों के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी इस बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे।
बता दें कि कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ समय से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह की गतिविधियों ने इन चर्चाओं को नई दिशा दे दी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे, केजे जार्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी और एचके पाटिल समेत कई मंत्री पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कडी दिखाई दी। पार्टी के दो विधायकों ने संकेत दिए कि सिद्धारमैया पद छोड सकते हैं और पार्टी हाईकमान नए फार्मूले पर विचार कर रहा है। हालांकि अभी तक कांग्रेस की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री आवास पहुंचने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गईं। माना जा रहा है कि अगर नेतृत्व परिवर्तन होता है तो शिवकुमार को राज्य की कमान मिल सकती है। कुछ नेताओं का यह भी कहना है कि पार्टी कई उपमुख्यमंत्रियों वाला फार्मूला भी अपना सकती है ताकि सभी गुटों को संतुलित रखा जा सके। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ हाल में हुई बैठकों के बाद इस बदलाव की चर्चा और मजबूत हुई है। पार्टी फिलहाल किसी भी निर्णय को लेकर खुलकर कुछ नहीं कह रही है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस एक ऐसे फार्मूले पर भी विचार कर रही है जिसमें सिद्धारमैया को राज्यसभा भेजा जा सकता है। साथ ही उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को राज्य कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। जून में कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं और कांग्रेस को इनमें अच्छी सफलता मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के कानूनी सलाहकार एएस पोन्नन्ना ने भी संकेत दिए कि कुछ बदलाव संभव हैं। उन्होंने कहा कि क्या होगा और किस तरह होगा, इसके लिए अभी इंतजार करना होगा।
Updated on:
28 May 2026 11:13 am
Published on:
28 May 2026 10:24 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
