
डीके शिवकुमार। (फोटो-IANS)
कर्नाटक में डीके शिवकुमार नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 3 जून को शपथ ग्रहण है, लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस विधायकों के बीच मंत्री पद के लिए दावेदारी तेज हो गई है। कांग्रेस के विधायक अब खुलकर पार्टी हाईकमान से खुद मंत्री बनाने की बात कर रहे हैं।
हावेरी से कांग्रेस विधायक बसवराज शिवन्नावर ने कहा कि वे लंबे समय से मंत्री पद की आस लगाए बैठे हैं। तीन साल तक इंतजार करने के बाद अब उन्हें उम्मीद है कि दूसरे चरण में जरूर मौका मिलेगा।
बसवराज शिवन्नावर ने कहा- मैं भी मंत्री पद का दावेदार हूं। पिछले तीन साल से मैं इसकी कोशिश कर रहा हूं। सिद्धारमैया जी ने मुझे आशीर्वाद दिया और डीके शिवकुमार जी ने पार्टी में लाया।
उन्होंने कहा कि हमने मांग की है कि उत्तर कर्नाटक के हमारे समुदाय को मंत्रिमंडल में जगह दी जाए। पहले चरण में शायद न मिले, लेकिन दूसरे चरण में हमें भरोसा है।
उत्तर कर्नाटक के नेताओं का कहना है कि पार्टी को अब इस क्षेत्र को ज्यादा ध्यान देना चाहिए ताकि संगठन मजबूत हो और आने वाले चुनावों में फायदा हो।
सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं। दोनों नेता साथ में दिल्ली रवाना होंगे। इस बैठक में कैबिनेट बर्थ, डिप्टी सीएम की संभावना और पार्टी संगठन पर चर्चा होगी।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नए अध्यक्ष के लिए ओबीसी चेहरे पर विचार चल रहा है।
रणनीति यह है कि नया अध्यक्ष ऐसा हो जो सरकार और संगठन के बीच अच्छा तालमेल बिठा सके और 2029 के विधानसभा व लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी को तैयार कर सके।
वहीं, एक और कांग्रेस विधायक अशोक कुमार राय ने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद पर फैसला हाईकमान करेगा। उन्होंने किसी पद की मांग नहीं की लेकिन इतना जरूर कहा कि जहां कांग्रेस कमजोर है, वहां ज्यादा ध्यान दिया जाना चाहिए।
राय ने कहा- पिछले कई सालों तक भाजपा आगे रही, इसलिए हाईकमान उन जगहों को प्राथमिकता देगा जहां सीटें कम हैं। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष के बारे में हाईकमान ही निर्णय लेगा।
उधर, सिद्धारमैया के बेटे और एमएलसी यतींद्र सिद्धारमैया भी दिल्ली बैठक में शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें तेज हैं।
कुछ पुराने मंत्रियों को इस बार जगह न मिलने की संभावना है क्योंकि नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। सिद्धारमैया ने राज्य में एक कोऑर्डिनेशन कमिटी बनाने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन हाईकमान ने अभी इसे मंजूरी नहीं दी है।
3 जून को लोक भवन में डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। तीन साल डिप्टी सीएम रहने के बाद अब उनकी अगुवाई में नया मंत्रिमंडल गठन हो रहा है। पार्टी इस बार क्षेत्रीय, जातीय और संगठनात्मक संतुलन बनाने की पूरी कोशिश कर रही है।
Updated on:
01 Jun 2026 07:37 am
Published on:
01 Jun 2026 07:37 am
