30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘सिद्धायरमैया ही रहेंगे कर्नाटक के सीएम’, कांग्रेस नेतृत्व ने सुनाया अपना फैसला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा और सभी फैसले सामूहिक रूप से उचित समय पर लिए जाएंगे।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Apr 30, 2026

Mallikarjun Kharge

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फोटो- आईएएनएस)

कर्नाटक की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज है। कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। इसी बीच अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का इस मामले पर बड़ा बयान सामने आया है।
खरगे ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल कर्नाटक के मुख्यमंत्री में कोई बदलाव नहीं होगा।

सिद्धारमैया को हटाने का कोई सवाल ही नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को हटाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर मुख्यमंत्री बदलने का कोई सवाल होगा, तो हम सब मिलकर इस पर चर्चा करेंगे। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य नेता इस पर विचार करेंगे। इस बयान से साफ हो गया कि पार्टी फिलहाल किसी भी तरह के बदलाव के मूड में नहीं है। खरगे ने अपने बयान में यह भी जोड़ा कि इस तरह के निर्णय जल्दबाजी में नहीं लिए जाते और उचित समय आने पर ही कोई कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी समय आने दीजिए, सही समय पर इस मुद्दे पर फैसला होगा। इस बयान ने उन अटकलों को काफी हद तक शांत कर दिया है, जो पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही थी।

कुछ समय से डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की दिल्ली यात्रा के बाद नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई थी। कई कैबिनेट मंत्रियों ने भी इस मुद्दे पर स्पष्टता की मांग की थी। शिवकुमार के समर्थकों ने दावा किया था कि उन्हें 15 मई को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है और इसे उनके जन्मदिन के अवसर पर गिफ्ट के रूप में पेश किया जाएगा। कांग्रेस विधायक इक़बाल हुसैन ने भी दावा किया था कि शिवकुमार निश्चित रूप से 15 मई तक मुख्यमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सभी नेताओं और जनता की इच्छा है कि शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिले। हालांकि, खरगे के बयान के बाद इन दावों पर विराम लगता दिखाई दे रहा है।

सामूहिक रूप से लिए जाएंगे फैसले - खरगे

खरगे ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के सभी बड़े फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं और शीर्ष नेतृत्व की सहमति जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी निर्णय सामूहिक होते हैं और हम अपनी विचारधारा के अनुसार काम करते हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी आंतरिक विवाद को नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल खरगे के बयान से यह साफ है कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई तात्कालिक योजना नहीं है। हालांकि, भविष्य में परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जा सकता है। इससे यह भी जाहिर होता है कि पार्टी अंदरूनी संतुलन बनाए रखने पर ध्यान दे रही है।