
गुरुग्राम मेयर चुनाव अचानक टला
Gurugram Mayor Election: गुरुग्राम नगर निगम में गुरुवार को होने वाला सीनियर और डिप्टी मेयर का चुनाव अचानक टल गया, जिससे पूरे माहौल में हलचल मच गई। सुबह से ही अंदर काफी चहल-पहल थी, कड़ी सुरक्षा थी और सभी पार्षद भी पहुंच चुके थे, मतलब सब कुछ चुनाव के लिए तैयार था। लेकिन ठीक आखिरी समय पर कुछ ऐसा हुआ कि पूरी प्रक्रिया रोकनी पड़ी। इस अचानक फैसले से पार्षद ही नहीं, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह की बातें होने लगी हैं। वहीं बुधवार को दिल्ली में MCD चनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की है।
चुनाव को ध्यान में रखते हुए नगर निगम के पूरे इलाके को कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। पार्षदों को अंदर जाने से पहले अपने मोबाइल फोन बाहर जमा कराने पड़े, ताकि कोई बाहरी दखल न हो। अंदर और बाहर सुरक्षाकर्मी तैनात थे और हर चीज पर नजर रखी जा रही थी। लेकिन ठीक आखिरी समय पर खबर आई कि चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहीं मेयर राज रानी मल्होत्रा की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसी वजह से चुनाव की पूरी प्रक्रिया रोकनी पड़ी और बैठक को टाल दिया गया।
सदन में सुबह 11 बजे तक करीब 34 पार्षद पहुंच चुके थे। सभी वोट डालने के लिए तैयार थे और पूरा माहौल चुनाव जैसा लग रहा था। लेकिन नियम के अमनुसार चुनाव अधिकारी के बिना वोटिंग शुरू नहीं हो सकती थी, इसलिए मेयर के नहीं होने पर चुनाव आगे नहीं बढ़ सका और उसे टालना पड़ा।
प्रशासन ने तो चुनाव टलने की वजह मेयर की खराब तबीयत बताई है, लेकिन राजनीति में इसे लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ लोग इसे सिर्फ एक इत्तेफाक मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी प्लान का हिस्सा बता रहे हैं। इस अचानक फैसले से माहौल और गरम हो गया है और अब सबको अगली तारीख का इंतजार है।
बुधवार को दिल्ली को नए मेयर और नई डिप्टी मेयर मिल चुकी हैं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया था। इस वजह से बीजेपी को सीधा-सीधा फायदा मिला। रोहिणी ईस्ट से लगातार तीन बार पार्षद रहे प्रवेश वाही को नया मेयर चुना गया और आनंद विहार की पार्षद डॉ. मोनिका पंत डिप्टी मेयर बनीं।
Updated on:
30 Apr 2026 03:12 pm
Published on:
30 Apr 2026 03:12 pm
