30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कश्मीर में ‘वंदे भारत’ की ऐतिहासिक दौड़: जम्मू से श्रीनगर अब सिर्फ 5 घंटे दूर, जानें समय-सारणी और रूट

Vande Bharat History Jammu Kashmir: लगभग 266-267 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन जम्मू तवी से सुबह 6:20 बजे रवाना होकर श्रीनगर 11:10 बजे पहुंचेगी, यानी कुल यात्रा समय मात्र 4 घंटे 50 मिनट रहेगा।

2 min read
Google source verification
Vande Bharat History Jammu Kashmir

Vande Bharat History Jammu Kashmir

Jammu to Srinagar Vande Bharat Express: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से जम्मू और कश्मीर की दो राजधानी शहरों जम्मू और श्रीनगर के बीच पहली डायरेक्ट 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि अब दोनों शहरों के बीच हर मौसम में तेज और आरामदायक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध हो गई है।

यात्रा समय और स्टॉपेज

लगभग 266-267 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन जम्मू तवी से सुबह 6:20 बजे रवाना होकर श्रीनगर 11:10 बजे पहुंचेगी, यानी कुल यात्रा समय मात्र 4 घंटे 50 मिनट रहेगा। वहीं श्रीनगर से सुबह 8 बजे चलकर दोपहर 12:40 बजे जम्मू पहुंचेगी। ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसमें कटरा, रियासी और बनिहाल स्टेशनों पर छोटे ठहराव होंगे।

पीक टूरिस्ट सीजन में बुकिंग होगी आसान

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला भी इस मौके पर मौजूद रहे। पहले आठ कोच वाली वंदे भारत कटरा-श्रीनगर खंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की जा चुकी थी। यात्रियों की भारी भीड़ और रिजर्वेशन पर दबाव को देखते हुए कोचों की संख्या बढ़ाकर 20 कर दी गई है। इससे अमरनाथ यात्रा और पीक टूरिस्ट सीजन में बुकिंग आसान होगी। अब पूरे देश से कश्मीर जाने वाले यात्री जम्मू तवी से ही सीधे ट्रेन पकड़ सकेंगे, कटरा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल

यह सेवा जम्मू-बारामुल्ला 324 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का हिस्सा है, जिसकी नींव 1983 में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रखी थी। बाद में इसे बारामुल्ला तक बढ़ाया गया। इस परियोजना में कई इंजीनियरिंग कीर्तिमान दर्ज हैं- चेनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल, अंजी खड पर भारत का पहला केबल-स्टे रेलवे ब्रिज और पीर पंजाल में देश का सबसे लंबा रेलवे टनल शामिल हैं।

श्रीनगर से दिल्ली भेजे गए सेब और चेरी

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सुरक्षा और रखरखाव के साथ-साथ क्षमता बढ़ाना अगला बड़ा लक्ष्य है। उन्होंने काजीगुंड-श्रीनगर खंड को डबल ट्रैक करने की योजना बताई, ताकि और अधिक ट्रेनें चलाई जा सकें। उन्होंने बताया कि कटरा-श्रीनगर वंदे भारत की सफलता के चलते दो करोड़ किलो सेब दिल्ली भेजे गए हैं और चेरी के लिए 32 बोगियां बुक हो चुकी हैं। अब तक पांच लाख से अधिक यात्री इस सेवा का उपयोग कर चुके हैं।

ट्रेन में डॉगरी और कश्मीरी व्यंजन परोसे जाएंगे। यह माइनस 10 डिग्री तापमान में भी चल सकती है और पाइपिंग ऐसी है कि पानी जम नहीं सकता। रेल मंत्री ने बताया कि इसमें उच्च गुणवत्ता वाले इलेक्ट्रॉनिक्स और 3000 माइक्रोचिप्स लगाए गए हैं।