Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। वोटों की गिनती 13 मई को होगी। भारत जनता पार्टी दक्षिण भारत में अपने इकलौते किले को बचाए रखने की जद्दोजहद में जुटी है तो कांग्रेस मिशन साउथ के तहत कर्नाटक की सत्ता में वापसी करना चाहती है।
Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 2023 के कार्यक्रम का ऐलान हो गया है। बुधवार 28 मार्च को मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कर्नाटक चुनाव की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में एक चरण में 10 मई को मतदान और 13 मई को वोटों की गिनती होगी। चुनावी बिगुल की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री बासव राज बोम्मई ने कहा कि भाजपा फिर से राज्य में सत्ता में वापसी करेगी। इधर कांग्रेस ने भी दम भरते हुए मैदान मारने की बात कही है। कांग्रेस ने कहा कि 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को उखाड़ फेकेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 24 मई को कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा है निष्पक्ष चुनाव करवाना हमारी प्राथमिकता है। 224 विधानसभा सीटें हैं। राज्य में करीब 17 हजार वोटर्स ऐसे हैं जिनकी उम्र 100 साल के पार जा चुकी है।
40 फीसदी कमीशन वाली सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प-
कर्नाटक में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा। राज्य की 224 विधानसभा सीटों के के परिणाम 13 मई को जारी किया जाएगा। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस ने कहा है कि वह चुनाव का सामना करने के लिए तैयार है और '40 फीसदी कमीशन वाली जनविरोधी सरकार' को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेती है। कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस लोगों के आशीर्वाद से सरकार बनाएगी।
शांति-प्रगति-समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत
रणदीप सिंह सुररजेवाला ने आगे कहा कि कर्नाटक में 10 मई, 2023 को मतदान होने जा रहा है, कांग्रेस शांति-प्रगति-समृद्धि के एक नए युग की शुरूआत करने और ब्रांड कर्नाटक का पुनर्निर्माण करने, कल्याणकारी सरकार के केंद्र में कांग्रेस की गारंटी के साथ कन्नडिगा गौरव को बहाल करने का संकल्प लेती है। चुनाव आयोग ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। मतदान 10 मई को होगा और नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव के ऐलान के साथ कर्नाटक में आचार संहिता लागू-
224 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अनुसार, कर्नाटक में कुल मतदाता 5.2 करोड़ हैं। उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की कुल संख्या 12.15 लाख है। 9.17 लाख से अधिक पहली बार मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
यह भी पढ़ें - कर्नाटक में बजा चुनावी बिगुल, 10 मई को एक चरण में होगा मतदान, 13 मई को रिजल्ट