
Photo- patrika
IMD Alert: महाराष्ट्र में कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कें पानी से भर गई हैं और घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कुछ इलाकों में एक से 7 जुलाई के दौरान 988 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड हुई है जो सामान्य से ज्यादा है। भारी बारिश के दौर के चलते लोग चिंतित हैं कि यदि आगे बारिश का दौर जारी रहा तो स्थिति और बिगड़ न जाए। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि पालघर और नासिक के घाट इलाकों में रेड अलर्ट जारी है। पुणे के घाट क्षेत्रों में भी रेड अलर्ट जारी रखा गया है। सुषमा नायर ने कहा कि पालघर, नासिक और पुणे के घाट क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है। नासिक के घाट क्षेत्रों में बादल फटने की संभावना जताई गई है। लोनावाला में पिछले 48 घंटों में 600 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। पालघर में भी अत्यधिक बारिश हुई है। इन क्षेत्रों में आज भी रेड अलर्ट जारी है।
उन्होंने कहा कि मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में बारिश की तीव्रता कल से कम होने की संभावना है। आज मुंबई में येलो, जबकि ठाणे में ऑरेंज अलर्ट है। 8 जुलाई से इन क्षेत्रों में बारिश सामान्य स्तर पर आ जाएगी। नासिक में बादल फटने की चेतावनी को लेकर उन्होंने कहा कि नासिक के घाट क्षेत्रों में बादल फटने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है। सुषमा नायर ने कहा कि मौसम प्रणाली अब उत्तर प्रदेश की ओर खिसक रही है, जिससे महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई में इस जुलाई महीने की शुरुआत में ही रिकॉर्ड बारिश हुई है। 1 से 7 जुलाई तक कुलाबा स्टेशन पर 880.6 मिलीमीटर और सांता क्रूज पर 988.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।
बुधवार से पूरे महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता कम होकर सामान्य स्तर पर आ जाएगी। पालघर में अलर्ट रहेगा, जबकि पुणे के घाट क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। बाकी जिलों में मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों को घाट क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Updated on:
07 Jul 2026 08:17 pm
Published on:
07 Jul 2026 08:17 pm
