
दिल्ली विवेक विहार एसी ब्लास्ट(Image-ANI)
Delhi Vivek Vihar Building Fire: दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। विवेक विहार की एक रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल चुकी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 3:47 बजे सामने आया, जब फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत दमकल की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। कुल 14 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और लोगों को बचाने का काम शुरू किया। जानकारी के मुताबिक हादसे का कारण एसी में धमाका होना है।
आग बी-13 नाम की बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी। बताया जा रहा है कि शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन देखते ही देखते यह पूरे ढांचे में फैल गई। आग पर काबू पाने में करीब ढाई घंटे लग गए और सुबह 6:25 बजे जाकर स्थिति नियंत्रण में आई। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई। वहीं, 4 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीमों ने मिलकर करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। यही वजह रही कि कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। चार मंजिला इस इमारत में कुल 8 फ्लैट थे, जिससे आग फैलने पर हालात और भी खतरनाक हो गए। घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। हालांकि, कुछ चश्मदीदों का कहना है कि आग की शुरुआत एसी में हुए किसी धमाके से हो सकती है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग इस एंगल समेत सभी संभावनाओं की जांच कर रहे हैं।
दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन एहतियात के तौर पर कूलिंग ऑपरेशन अभी जारी है। साथ ही, पूरी बिल्डिंग की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और अंदर फंसा न रह गया हो।
Updated on:
03 May 2026 09:52 am
Published on:
03 May 2026 08:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
