14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, दो शीर्ष नेताओं समेत 8 आतंकी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Manipur Security Forces Operation: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो शीर्ष नेताओं समेत 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद हुआ है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Devika Chatraj

May 12, 2026

Manipur Eight militants arrested

मणिपुर में 2 उग्रवादी नेता समेत 8 आतंकी गिरफ्तार (IANS)

Manipur Eight Militants Arrested: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो शीर्ष नेताओं समेत कुल आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, आपत्तिजनक दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आतंकियों में कौन शामिल?

पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आतंकियों में ज़ोगाम लिबरेशन फ्रंट (ZLF) का स्वयंभू कमांडर-इन-चीफ विन्सेंट पुमजामंग तैथुल (40) और कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) का स्वयंभू सलाहकार खुंबोंगमायुम आनंदा मेइती उर्फ लांफेल उर्फ इबोमचा (53) शामिल हैं।

भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

अधिकारियों के अनुसार, इन आतंकियों को चुराचांदपुर, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और इंफाल पूर्व सहित राज्य के विभिन्न जिलों से गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने इनके ठिकानों से कई अत्याधुनिक हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है।

PLA और RPF के चार सदस्य भी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) और उसके सहयोगी संगठन रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (RPF) के चार सदस्यों को इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उग्रवादियों पर आरोप

अधिकारियों के मुताबिक, इन उग्रवादियों ने जबरन भर्ती के उद्देश्य से तीन निर्दोष युवकों को बंधक बनाकर रखा था। सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित छुड़ा लिया।

राज्यभर में चल रहा सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मणिपुर में अपहरण, उगाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार खुफिया आधारित तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाए जा रहे हैं। केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल इंफाल घाटी, पहाड़ी जिलों और सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

114 चेकपोस्ट पर कड़ी निगरानी

अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों में कुल 114 नाके (चेकपोस्ट) स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-37) पर खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कर रहे ट्रकों समेत अन्य वाहनों को सुरक्षा एस्कॉर्ट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में काफिलों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो से सतर्क रहने की अपील

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी वीडियो और अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के बयान में कहा गया, किसी भी वायरल वीडियो या ऑडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि सेंट्रल कंट्रोल रूम से की जा सकती है। सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट अपलोड या साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।