
केरल के नए सीएम होंगे वीडी सतीशन (Photo-IANS)
Kerala New CM VD Satheesan: केरल के नए सीएम वीडी सतीशन होंगे। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपा दासमुंशी ने उनके नाम की घोषणा की। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस में सीएम के नाम को लेकर काफी रस्साकशी जारी रही। दरअसल, कांग्रेस पार्टी के यह फैसला इसलिए भी खास है क्योंकि सीएम की रेस में राहुल गांधी के करीबी केसी वेणुगोपाल का नाम भी चल रहा था। इसके अलावा रमेश चेन्निथला का नाम भी सीएम रेस में था।
बता दें कि कांग्रेस ने कई दलों के साथ मिलकर प्रदेश में चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। सतीशन को सहयोगी दलों का समर्थन भी था। इंडियन मुस्लिम लीग ने प्रदेश के नए सीएम के लिए सतीशन के नाम को आगे किया था। IUML गठबंधन की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास 22 सीटें हैं।
इसके अलावा सतीशन पिछले पांच साल से विपक्ष के नेता रहे और विधानसभा में LDF सरकार के खिलाफ सबसे मुखर चेहरा बनकर उभरे। बताया जा रहा है कि केरल में संगठन में पकड़ का सतीशन को फायदा मिला है।
बता दें कि यदि कांग्रेस केसी वेणुगोपाल के नाम का सीएम के रूप में ऐलान करती तो प्रदेश में दो उपचुनाव होते। क्योकि केसी वेणुगोपाल अलाप्पुझा लोकसभा सीट से सांसद है। CM के रूप में ऐलान होने के बाद वेणुगोपाल को सांसदी से इस्तीफा देना होता और इस सीट पर उपचुनाव होते। वहीं विधानसभा सदस्य के रूप में नामित होने के लिए किसी सीट को खाली कराकर चुनाव लड़ना होता, तो उस सीट पर भी उपचुनाव होते।
लोकसभा चुनाव में अलाप्पुझा सीट पर केसी वेणुगोपाल को बीजेपी और सीपीआई (एम) से कड़ी टक्कर मिली थी। इसलिए कांग्रेस किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाना चाहती है।
वीडी सतीशन ने 2026 केरल विधानसभा चुनाव में परावुर सीट से जीत हासिल की। वह लगातार छठी बार विधायक चुने गए हैं। सतीशन को 78,658 वोट मिले और उन्होंने CPI उम्मीदवार ईटी टायसन मास्टर को 20,600 वोटों के अंतर से हराया। वह पिछले 25 वर्षों से परावुर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पहली बार 2001 में यहां से विधायक बने थे।
2021 से केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में सतीशन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान राज्य की वामपंथी सरकार को विभिन्न राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर लगातार घेरा।
सतीशन इससे पहले केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2021 विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला की जगह नेता प्रतिपक्ष का पद संभाला था।
Updated on:
14 May 2026 01:31 pm
Published on:
14 May 2026 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
