
कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी (Photo-IANS)
West Bengal Post Poll Violence: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद पूर्व सीएम ममता बनर्जी गुरुवार को वकीलों का चोगा पहनकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंची। वह विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राज्य में हुई पोस्ट-पोल हिंसा से जुड़े जनहित याचिका (PIL) मामले में मुख्य न्यायाधीश एचसी सुजॉय पाल की बेंच के सामने पेश हुईं। इस दौरान उन्होंने कोर्ट में पार्टी का पक्ष रखा।
ममता बनर्जी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद राज्य में कई जगहों पर हिंसा, आगजनी और टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को तुरंत सुरक्षा दी जानी चाहिए। पुलिस के सामने गुंडागर्दी हो रही है, आग लगाई जा रही है। बच्चों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों को भी नहीं छोड़ा गया। हमारे 10 कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई।
बता दें कि विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा को लेकर कोर्ट में सिर्सन्या बनर्जी ने याचिका दायर की थी। सिर्सन्या टीएमसी के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी के बेटे हैं। याचिका में उन्होंने आरोप लगाया गया है कि चुनाव परिणाम आने के बाद कई इलाकों में टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई तथा कार्यकर्ताओं को विस्थापित होना पड़ा।
अदालत में मौजूद कल्याण बनर्जी ने कहा कि 2021 की पोस्ट-पोल हिंसा से भी ज्यादा गंभीर घटनाएं इस बार हुई हैं। टीएमसी ने कोर्ट से हिंसा प्रभावित कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दूसरी ओर, बीजेपी और टीएमसी दोनों ही एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी विधायक सजल घोष ने ममता बनर्जी के कोर्ट पहुंचने पर कहा कि अदालत जाना उनका अधिकार है।
गौरतलब है कि 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर 15 साल पुरानी टीएमसी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया, जबकि टीएमसी को 80 सीटों पर जीत मिली। वहीं ममता बनर्जी को भी भवानीपुर से हार का सामना करना पड़ा था। ममता को बीजेपी प्रत्याशी शुभेन्दु अधिकारी ने 15105 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
TMC को सत्ता से बेदखल करने के बाद शुभेन्दु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। बता दें कि शुभेन्दु ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों (नंदीग्राम और भवानीपुर) से जीत हासिल की थी। लेकिन उन्होंने नंदीग्राम सीट को छोड़ने का फैसला लिया है। अब इस सीट पर उपचुनाव होंगे।
Published on:
14 May 2026 12:29 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
