
Mobile phone and charger new rates after Budget 2024
Mobile And Charger Price: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने संसद में मंगलवार को बजट पेश कर दिया है। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने मोबाइल फोन (Mobile Phones) और चार्जर की कीमतें घटाने की बात कही। मोबाइल और चार्जर पर सरकार ने कस्टम ड्यूटी 20% से कम करके 15% कर दिया है। अब मोबाइल और चार्जर की खरीद पर लोगों को 5% कम देने होंगे। 5% की कमी आने के बाद फोन और चार्जर को कितने रुपये में खरीदा जा सकेगा। आइए इस बारे में जानते हैं विस्तार से-
मान लीजिए किसी मोबाइल फोन की कीमत 20 हजार रुपये है। बता दें कि मोबाइल फोन पर पहले 20% ड्यूटी लगती थी। 20 हजार रुपये के हिसाब से 4 हजार रुपए कस्टम ड्यूटी लगने के बाद इस फोन की कीमत 24000 रुपये हो जाती है। बजट के बाद अब 5% की कटौती कर दी गई है। अब 20 हजार रुपये के फोन पर 15% कस्टम ड्यूटी लगेगी। ऐसे में अगर 20 हजार रुपये के हिसाब से 15% कस्टम ड्यूटी लगाते हैं तो 3 हजार रुपए बनता है। इसका मतलब है कि आपके फोन की कीमत 23 हजार रुपये हो जाएगी। पहले जिस फोन को खरीदने के लिए आपको 24 हजार रुपये देने पड़ते, उसे खरीदने के लिए अब आपको 23 हजार रुपए देने पड़ेंगे। बजट 2024 के बाद अब इल कैलकुलेशन के हिसाब से एक हजार रुपये बच सकेंगे।
बजट में मोबाइल फोन की तरह चार्जर पर भी अब 15% कस्टम ड्यूटी लगेगी। मान लीजिए अगर आपके चार्जर की कीमत 1 हजार रुपये है। अगर इस पर 20% की कस्टम ड्यूटी लगती है तो 1000 रुपये का 20% बनता है 200 रुपए और जुड़कर चार्जर की कीमत 1200 रुपए होती थी। अब 15% कस्टम ड्यूटी के हिसाब से उसी कीमत के चार्जर के लिए 1150 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। कुल मिलाकर 20 हजार रुपए के फोन को खरीदने वाले ग्राहक को 1000 रुपये का फायदा होगा। 1000 रुपए का चार्जर खरीदने पर 50 रुपये का फायदा होगा।
Updated on:
25 Jul 2024, 1:25 PM IST
Published on:
25 Jul 2024, 12:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.