20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नासिक रेप केस पर बवाल, फर्जी बाबा कांड में घिरीं महिला आयोग अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा

नासिक के फर्जी बाबा अशोक खरात रेप केस ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। विवाद के बीच महिला आयोग अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने इस्तीफा दे दिया। मामले में SIT जांच की मांग उठी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Anurag Animesh

Mar 20, 2026

रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा

रुपाली चाकणकर ने दिया इस्तीफा

Rupali Chakankar Resigned: महाराष्ट्र के नासिक में सामने आए कथित फर्जी बाबा अशोक खरात से जुड़े रेप मामले ने राज्य की राजनीति को अचानक गरमा दिया है। मामला सिर्फ एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी का सवाल भी बन गया है। इसी विवाद के बीच महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली निलेश चाकणकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें मुख्यमंत्री निवास ‘वर्षा’ पर बुलाया गया था, जहां उनसे तत्काल इस्तीफा देने को कहा गया।

चाकणकर ने व्यक्तिगत कारणों का दिया हवाला


हालांकि अपने इस्तीफे में चाकणकर ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने लिखा कि अक्टूबर 2024 में उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी और अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें सरकार का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया और उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसा सहयोग मिलता रहेगा।

नासिक रेप केस-क्या है पूरा मामला?


लेकिन असली वजह कुछ और ही मानी जा रही है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें चाकणकर कथित आरोपी बाबा अशोक खरात का स्वागत करती नजर आ रही थीं। जैसे ही यह तस्वीर सामने आई, विपक्ष ने उन्हें घेरना शुरू कर दिया। सवाल उठे कि जो महिला आयोग की अध्यक्ष हैं, वही अगर ऐसे आरोपी के साथ नजर आएंगी तो पीड़ित महिलाओं को न्याय कैसे मिलेगा। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिनके कंधों पर महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही अगर आरोपी का सम्मान करती दिखें, तो यह बेहद गंभीर बात है।

एसआईटी जांच की मांग


उधर, मामले की जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। महिला आयोग ने खुद पुलिस को पत्र लिखकर एसआईटी जांच की मांग की है ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। पुलिस को आरोपी के पास से कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं, जिससे यह शक गहरा गया है कि पीड़ितों की संख्या ज्यादा हो सकती है। एक महिला की शिकायत ने इस केस को और गंभीर बना दिया है। उसने बताया कि आरोपी खुद को ज्योतिषी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। उसने महिला को डराया कि उसके पति की जान को खतरा है, और फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर कई बार दुष्कर्म किया। यह सिलसिला 2022 से 2025 तक चलता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे फिलहाल 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।