
झारखंड में भीषण हादसा (File Photo)
झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह डुमरी-कुलगो टोल प्लाजा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ट्रक चालक और खलासी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही मिनटों में दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगोदर की ओर से डुमरी की तरफ आ रहा एक तेज रफ्तार गुड़ लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। यह ट्रक सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मक्का लदा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा, जिससे तीनों वाहन आपस में टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ ही क्षणों में तीनों ट्रकों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
लोगों के अनुसार, सबसे ज्यादा भयावह स्थिति गुड़ लदे ट्रक में देखने को मिली, जहां चालक और खलासी वाहन के भीतर ही फंस गए। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती प्रयास असफल रहे। सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दो ट्रक पूरी तरह जल चुके थे, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ।
इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
भीषण हादसे के कारण कुछ समय के लिए टोल प्लाजा के पास यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवागमन को फिर से सामान्य कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Published on:
16 Apr 2026 11:00 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
