
Nitin Nabin on Congress (Image : IANS)
Assam Elections BJP: असम में चुनावी सरगर्मी अब चरम पर है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। इसी माहौल के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने श्रीभूमि की जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उनके भाषण में एक तरफ अतीत की मुश्किलों का जिक्र था, तो दूसरी तरफ वर्तमान विकास की तस्वीर पेश करने की कोशिश भी नजर आए है।
जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब आम लोगों को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था। उनके मुताबिक, उस दौर में न तो रोजगार के पर्याप्त अवसर थे और न ही सुरक्षा को लेकर भरोसा था। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने इन हालात से परेशान होकर कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया।
अपने भाषण में उन्होंने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि पिछले कुछ सालों में असम ने तेजी से बदलाव देखा है। सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पुराने और नए असम की तुलना करते हुए इसे एक बड़े बदलाव के रूप में पेश किया।
नितिन नबीन ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि अब देश की सीमाओं तक मजबूत सड़कें बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि चीन सीमा तक अब गाड़ियां आसानी से पहुंच सकती हैं, जो पहले संभव नहीं था।
बराक वैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह इलाका पहले उपेक्षा और भेदभाव का शिकार था। लेकिन अब यहां विकास कार्यों की रफ्तार तेज हुई है। ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है और लोगों तक सुविधाएं पहुंच रही हैं।
सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत असम में करीब 22 लाख गरीबों को पक्के घर दिए जा चुके हैं। साथ ही आने वाले समय में 15 लाख और मकान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अरुणोदय योजना के तहत लाभार्थियों को अब 3,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे गरीब परिवारों को सीधा फायदा मिल रहा है।
अपने भाषण में उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि 2 लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है और नए उद्योग लगाने वालों को 5 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता देने की योजना भी बनाई गई है।
Published on:
04 Apr 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
