
ओडिशा के संबलपुर में ताजा हिंसा के बाद अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, और दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद
ओडिशा के संबलपुर शहर में ताजा हिंसा के बीच जिला प्रशासन ने अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। इंटरनेट सेवा भी और दो दिनों के लिए निलंबित कर दी गई है। संबलपुर सदर के उपजिलाधिकारी प्रवेश चंद्र दंडसेना ने मौजूदा स्थिति की जानकारी के आधार पर शुक्रवार देर रात कर्फ्यू का आदेश जारी कर दिया। डीआईजी (उत्तर मध्य रेंज) बृजेश कुमार राय ने कहा कि शुक्रवार रात कुछ दुकानों में आग लगा दी गई और तोड़फोड़ की गई। इसलिए प्रशासन ने शहर में हिंसा के बाद क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कर्फ्यू लगाने का फैसला किया। आदेश में कहा गया है, शांति सुनिश्चित करने के लिए धारा 144 (1) सीआरपीसी के तहत कर्फ्यू की स्थिति घोषित की जाती है, जिसमें कोई भी व्यक्ति या लोगों का समूह अपने घरों से बाहर न निकले। धनुपाली, खेतराजपुर, ऐंथापाली, बरेईपाली, सदरा तथा टाउन के छह थाना क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक कर्फ्यू लगा दिया गया है।
आवश्यक वस्तुओं की खरीद की अनुमति
जिला प्रशासन ने लोगों को सुबह आठ बजे से 10 बजे और दोपहर 3.30 बजे से शाम 5.30 बजे के दौरान आवश्यक वस्तुओं की खरीद करने की अनुमति दी है। वैसे कर्फ्यू की अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति या लोगों के समूह को अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई - उपजिलाधिकारी
उपजिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा, यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि उपरोक्त आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह पर विश्वास न करें जनता, संबलपुर कलेक्टर की अपील
संबलपुर कलेक्टर अनन्या दास ने लोगों से कर्फ्यू का पालन करने और घर से बाहर न निकलने की अपील की। लोगों को जरूरी आवश्यकताओं के लिए दो बार छूट दी गई है, जिसके दौरान वे आ-जा सकते हैं। जनता किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। अगर उनकी जानकारी में कुछ आता है तो वे स्थानीय पुलिस थाने को सूचित कर सकते हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी
कर्फ्यू अवधि के दौरान एम्बुलेंस और अग्निशमन सेवा जैसी आपातकालीन सेवाओं को आवाजाही की अनुमति है। स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 7655800760 जारी किया गया है।
परीक्षाओं पर जल्द फैसला लिया जाएगा - अनन्या दास
संबलपुर कलेक्टर अनन्या दास ने कहा कि, रविवार को होने वाली परीक्षाओं पर जल्द फैसला लिया जाएगा। उन्होंने इसे असाधारण स्थिति बताते हुए एक बार फिर लोगों से जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
17 अप्रैल सुबह 10 बजे तक इंटरनेट बंद
इस बीच, राज्य सरकार ने संबलपुर जिले में 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक 48 घंटे के लिए इंटरनेट निलंबन बढ़ा दिया है। इससे पहले सरकार ने 13 अप्रैल को सुबह 10 बजे से 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया था।
संबलपुर में शांति सुनिश्चित करने के बाद होगी आगे की कार्रवाई - डीजीपी सुनील बंसल
डीजीपी सुनील बंसल ने कहा, कल (शुक्रवार) की अप्रिय घटनाओं के बाद, हमने संबलपुर में अतिरिक्त बलों की तैनाती की है। अब स्थिति शांतिपूर्ण है। स्थिति का विश्लेषण करने और शहर में शांति सुनिश्चित करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिंसा में शामिल लोगों और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
15 Apr 2023 02:36 pm
Published on:
15 Apr 2023 02:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
