
ममता बनर्जी (फोटो- एएनआई)
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में अब पाकिस्तान की एंट्री हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नदिया जिले में एक रैली के दौरान सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आखिर एक विदेशी मुल्क हमारे शहर कोलकाता को दहलाने की धमकी कैसे दे सकता है और देश के प्रधान सेवक इस पर खामोश क्यों हैं? यह बंगाल चुनाव से पहले राष्ट्रवाद और सुरक्षा के मुद्दे पर छिड़ा एक सियासी जंग है।
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुलेआम कोलकाता पर स्ट्राइक करने की धमकी दी है। उन्होंने सवाल उठाया, जब पीएम रविवार को बंगाल आए, तो उन्होंने इस धमकी पर एक शब्द क्यों नहीं बोला ? पाकिस्तान को कड़ा जवाब क्यों नहीं दिया ? ममता बनर्जी ने इस पूरे मामले में एक नई साजिश की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आखिर एक पाकिस्तानी मंत्री की इतनी हिम्मत कैसे हुई? क्या इसके पीछे कोई और कहानी है ? उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए साफ कर दिया कि बंगाल की जनता अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी।
ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे, तो शुरुआती रुझानों से घबराना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर ऐसी हवा बनाएगी जैसे वही जीत रही है। ममता ने कार्यकर्ताओं को जोश भरते हुए कहा, जब तक आखिरी वोट की गिनती न हो जाए, काउंटिंग सेंटर मत छोड़ना। जीत हमारी ही होगी।
रैली में ममता ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के महानिदेशक के उस बयान पर भी आपत्ति जताई जिसमें महिलाओं की तलाशी की बात कही गई थी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि महिलाओं के साथ इस तरह का कड़ा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और महिलाओं से अपील की कि अगर कोई वोट डालने से रोके, तो घर में जो भी सामान मिले (बेलन, चिमटा आदि) उसे लेकर सड़क पर उतर आएं और अपने हक की रक्षा करें।
ममता बनर्जी ने चुनाव में धांधली का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से बंगाल में भारी मात्रा में कैश और ड्रग्स लाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इसके पक्के सबूत और वीडियो हैं, जिन्हें वो सही वक्त आने पर जनता के सामने रखेंगी।
Published on:
06 Apr 2026 06:41 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
