
PM Modi Pariksha pe charcha
Pariksha Pe Charcha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से बातचीत की। छात्र-छात्राओं ने पीएम मोदी से कुछ सवाल भी किए, जिनका उन्होंने सहज अंदाज में जवाब भी दिया। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के लोग बहुत ‘तेजस्वी’ होते है। वहीं पीएम मोदी ने बच्चों को तनाव मुक्त रहने का मंत्र दिया।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान बिहार के छात्र विराज ने लीडरशीप से संबंधित प्रश्न पूछा। विराज ने कहा आप इतने बड़े ग्लोबल लीडर हैं और कई बड़े पदों पर रहे हैं। आप हमसे दो-तीन ऐसी बातें शेयर कीजिए, जो आपसे संबंधित हों और जो हमें बच्चों को आगे बढ़ने में मदद करें? इसका जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार का लड़का हो और राजनीति की बात न हो, यह हो ही नहीं सकता। इस दौरान उन्होंने बिहार के लोगों को तेजस्वी बताया और छात्रों से लीडरशिप पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि नेतृत्व का मतलब सिर्फ कुर्ता-पायजामा पहनना और मंच पर भाषण देना नहीं है, बल्कि खुद उदाहरण पेश करके नेतृत्व करना है। उन्होंने कहा कि क्लास मॉनिटर दूसरों से सिर्फ समय की पाबंदी की मांग नहीं कर सकता। सबसे पहले उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह खुद हमेशा समय पर रहे। एक नेता को दूसरों की मदद करनी चाहिए, उनकी मुश्किलों को समझना चाहिए।
परीक्षा पे चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों से कहा लीडरशीप थोपी नहीं जाती है। अगर आप किसी को ज्ञान झाड़ देंगे तो कोई आपको स्वीकार नहीं करेगा। आपका व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि लोग आपको खुद स्वीकार करें।
भारत सरकार ने परीक्षा पे चर्चा 2025 कार्यक्रम के रजिस्ट्रेशन और सभी अपडेट के लिए एक वेबसाइट बनाई है। इस पर दर्ज जानकारी के मुताबिक इस साल 3.30 करोड़ से अधिक छात्रों ने परीक्षा पे चर्चा के लिए रजिस्ट्रेशन किया है।
Updated on:
10 Feb 2025, 4:37 PM IST
Published on:
10 Feb 2025, 4:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.