
पीरागढ़ी मौत (X)
दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में सामने आए तीन लोगों की कथित सामूहिक आत्महत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। जांच के दौरान पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान कर ली है, जो घटना के समय उस कार में मौजूद था, जिसमें दो पुरुषों और एक महिला के शव बरामद किए गए थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक व्यक्ति ‘बाबा’ के वेश में कार में बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि यह शख्स इस रहस्यमय मामले की सबसे अहम कड़ी साबित हो सकता है।
पुलिस अब उस व्यक्ति की भूमिका की गहन जांच कर रही है, जो कथित तौर पर घटना वाले दिन मृतकों से मिला था और कार में भी बैठा था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में तीन लोग बैठे हैं, लेकिन कार के दरवाजे बंद हैं और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीनों लोग कार के अंदर मृत पाए गए। जांच में सामने आया है कि पुलिस को सूचना दिए जाने से पहले वह कार करीब 50 मिनट तक उसी स्थान पर खड़ी रही थी।
पुलिस ने मृतकों की पहचान बापरोला निवासी रणधीर (76 वर्ष), शिव नरेश सिंह (47 वर्ष) और जहांगीरपुरी निवासी लक्ष्मी देवी (40 वर्ष) के रूप में की है। लक्ष्मी देवी मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने जहर मिला शीतल पेय पिया होगा, जिसके चलते उनकी मौत हुई।
पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, खासकर उस व्यक्ति की भूमिका की, जो ‘बाबा’ के वेश में सीसीटीवी फुटेज में नजर आया है। पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान और पूछताछ के बाद ही इस सनसनीखेज मामले से पर्दा उठ सकता है।
Updated on:
10 Feb 2026 10:30 am
Published on:
10 Feb 2026 10:30 am
