
PM Modi Italy Visit 2026 (AI Image)
PM Modi Italy Visit 2026: पांच देशों की यात्रा के आखिरी पड़ाव पर मंगलवार को इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच द्विपक्षीय वार्ता से पहले हल्के-फुल्के पल अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियां बन गए। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता से पहले अनौपचारिक मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। इनमें ऐतिहासिक कोलोसियम की सैर और ‘मेलोडी मोमेंट’ सोशल मीडिया पर छा गया।
पीएम मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट भेंट किया तो हैशटैग ‘मेलोडी मोमेंट’ ट्रेंड करने लगा। मेलोनी ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी को टॉफी वाले गिफ्ट के लिए थैंक्यू।” इस वीडियो को बुधवार शाम तक एक करोड़ से ज्यादा बार देखा गया, जबकि एक्स पर 74 लाख से ज्यादा व्यूज मिले।
दरअसल, ‘मेलोडी’ शब्द मेलोनी और पीएम मोदी के नामों को जोड़कर बनाया गया है, जो पहले ही काफी वायरल हो चुका है। इस हल्के-फुल्के पल को पीएम मोदी ने ‘मेलोडी’ टॉफी देकर यादगार बना दिया।
इससे पहले इतालवी प्रधानमंत्री मेलोनी ने पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद दोनों एक ही कार में रोम की सड़कों पर घूमे। इस दौरान वे करीब 2000 वर्ष पुराने ऐतिहासिक कोलोसियम भी गए।
द्विपक्षीय बातचीत में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और निवेश जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवाल, विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य वरिष्ठ राजनयिक अधिकारी मौजूद थे।
द्विपक्षीय वार्ता से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इतालवी राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात की और दोनों देशों के व्यापार और दोस्ती से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इनमें व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संबंधों में प्रगति शामिल रही। दोनों नेताओं ने एआई, खनिज, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे सहयोग क्षेत्रों पर भी चर्चा की।
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और इटली ने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने और व्यापार, निवेश तथा नई प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग को विस्तार देने पर सहमति जताई।
द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत-इटली संयुक्त कार्य योजना 2025-29 हमारे संबंधों को व्यावहारिक और भविष्योन्मुखी ढांचा प्रदान करती है। हम भारत-इटली नवाचार केंद्र पर काम कर रहे हैं।”
वहीं, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा, “भारत-इटली संबंध अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने में सक्षम हैं।” उन्होंने आगे कहा कि भारत और इटली ने सम्मान और आपसी विश्वास पर आधारित मित्रता स्थापित की है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण है।
Updated on:
21 May 2026 02:45 am
Published on:
21 May 2026 02:44 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
